मनकापुर में मंगलवार को देवीपाटन मंडल के कमिश्नर सुधीर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला स्तरीय तहसील दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान 283 शिकायतें आईं, जिनमें सिर्फ नौ का ही निस्तारण हो सका।
मंगलवार को जिला स्तरीय तहसील दिवस मनकापुर में आयोजित किया गया। आयुक्त सुधीर कुुमार दीक्षित की मौजूदगी में सीडीओ जयंत दीक्षित, अपर पुलिस अधीक्षक आरके सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं।
इस दौरान फरियादियों की काफी भीड़ जुटी रही। इस दौरान आयुक्त ने दो टूक कहा कि जो भी शिकायतें आती हैं, उनका निस्तारण सात दिन के अंदर हर हाल में किया जाए। यदि इसमें लापरवाही मिली तो संबंधित लोग बख्शे नहीं जाएंगे।
इसके अलावा सदर तहसील में भी उपजिलाधिकारी अविनाश कुमार ने आए हुए लोगों की शिकायतें सुनीं। मनकापुर में तहसील दिवस के दौरान जन शिकायतें सुनने के बाद कमिश्नर सुधीर दीक्षित ब्लॉक के समग्र ग्राम गौहन्ना पहुंचे। यहां प्राथमिक विद्यालय में चौपाल लगाकर जनसमस्याएं सुनीं।
उन्होंने गांव में कराए गए विकास कार्यों की हकीकत परखी। आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय के संचालन की जानकारी ली। ग्रामीणों को लोहिया आवास, इंदिरा आवास, शौचालय सहित अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देतेेेे हुए कहा कि योजनाओं में केवल पात्रों का ही चयन किया जाए। यदि अपात्रों को लाभ देकर योजना के धन का बंदरबांट किया गया तो संबंधित जिम्मेदार से धनराशि वसूल कर ली जाएगी।