मारवाड़ इंटर कॉलेज में आयोजित रोजगार मेले में मौजूद अभ्यर्थी। -स्रोत: विभाग
गोंडा। मारवाड़ इंटर कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित रोजगार मेले में 380 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 247 का चयन हो गया। वहीं, अभ्यर्थियों से नौकरी के नाम पर किसी कंपनी प्रतिनिधि की ओर से पैसा मांगने पर तत्काल सूचना देने की अपील की गई। सेवायोजन विभाग ने ऐसा करने वाली कंपनी को पोर्टल पर ब्लॉक करने के साथ ही संबंधित प्रतिनिधि व कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात भी कही है।
रोजगार मेले में युवाओं के चयन के लिए 15 से अधिक कंपनियों ने प्रतिभाग करने के लिए आवेदन किया। मगर सेवायोजन कार्यालय ने नौ कंपनियों को रोजगार मेले में शामिल होने की स्वीकृति दी। इनमें से आठ कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कुल 750 पदों के लिए युवाओं को काउंसिलिंग के लिए आमंत्रित किया गया, इनमें से 380 ही पहुंचे। 247 युवाओं को नौकरी के लिए ऑफर किया गया। इन्हें एक अच्छी सैलरी के आधार पर दीपावली से पहले नौकरी की सौगात मिली। अधिकारियों ने बताया कि अक्तूबर में जिले में करीब एक हजार युवाओं को समायोजित कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सहायक जिला सेवायोजन अधिकारी गुलाब मौर्य ने कहा कि जो छात्र पढ़ाई पूरी कर चुके हैं, वह निजी क्षेत्र में नौकरी के लिए आवेदन करें। पढ़ाई के साथ ही नौकरी की चाहत से पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि अगर कोई कंपनी प्रतिनिधि क्यूआर कोड भेजकर नौकरी के नाम पर पैसे की मांग करता तो तत्काल इसकी जानकारी सेवायोजन कार्यालय को दें। इस दौरान प्रधानाचार्य राकेश मोहन श्रीवास्तव, अरविंद, रवि, हरीश और वीरेंद्र आदि मौजूद रहे।
वृहद रोजगार मेले के आयोजन की तैयारी
अधिकारियों ने बताया कि बेलसर के महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से जल्द ही वृहद रोजगार मेले के आयोजन की तैयारी की जा रही है। इसमें जहां 20 से 25 कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा। डेढ़ से दो हजार युवाओं को समायोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।