गोंडा। बाल विकास व पुष्टाहार विभाग की ओर से जिले के विभिन्न विकासखंडों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त पदों पर आवेदकों की भरमार है। 243 पदों के लिए 8093 आवेदन आए हैं। रिक्त पदों के करीब 33 गुना अधिक आवेदन आने पर सत्यापन कराने में विभागीय अधिकारियों के हाथ-पांव फूल रहे हैं। वहीं आवेदन करने वाले लोग अब पैरवी के लिए विकास भवन के चक्कर काट रहे हैं।
जिले के 16 विकासखंडों व एक नगर क्षेत्र में आंगनबाड़ी के रिक्त पदों पर भर्ती होनी है। जिसके लिए विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। जिन ग्राम पंचायतों में पद रिक्त हैं, उनके निवासियों को वरीयता देने का प्रावधान है।
आवेदन की अंतिम तिथि 15 नवंबर तक पद से कई गुना अधिक आवेदन किया जा चुका है। अब विकास भवन स्थित डीपीओ व ब्लाॅकों पर सीडीपीओ कार्यालयों पर लोग जुट रहे हैं। आवेदन के दौरान शैक्षिक योग्यता, आय, जाति व निवास प्रमाणपत्र, आर्थिक रूप से पिछड़े व दिव्यांग प्रमाणपत्र, निराश्रित महिला का विवरण ऑनलाइन दर्ज किया गया है। अब इन प्रमाणपत्रों का ऑफलाइन सत्यापन करवाकर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जानी है। आवेदनों की अधिकता के कारण सत्यापन कराने में विभागीय अधिकारियों के हाथ-पांव फूल रहे हैं।
विकासखंड - रिक्त पद
बेलसर - 15
परसपुर - 06
वजीरगंज- 18
मनकापुर - 9
छपिया- 11
पड़रीकृपाल - 18
मुजेहना -18
इटियाथोक- 14
हलधरमऊ- 14
कटरा बाजार - 7
नवाबगंज- 5
करनैलगंज -13
तरबगंज - 9
बभनजोत- 24
रुपईडीह- 23
झंझरी - 14
नगर - 25
जल्द पूरी होगी भर्ती प्रक्रिया
आंगनबाड़ी के रिक्त पदों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं। संभावना है कि अधिकांश आवेदन बिना जरूरी शर्तों को पूरा किए ही भरा गया है। सत्यापन के बाद जल्द ही भर्ती प्रक्रिया पूरी होगी।
मनोज कुमार मौर्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी