गोंडा। देवीपाटन जोन में शहरी व ग्रामीण इलाकों में धनतेरस व दीपावली पर पांच दिन तक निर्बाध बिजली की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए उपखंड स्तर पर तैयारी तेज की गई है।
देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। 24 निर्बाध विद्युत आपूर्ति और शिकायत के बाद फौरन आपूर्ति बहाल करने के लिए कंट्रोल रूम को भी सक्रिय किया गया है। कर्मियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई है। मुख्य अभियंता ने बताया कि आगामी 18 से 23 अक्तूबर तक धनतेरस, छोटी दीपावाली व दीपावली पर जगह-जगह आयोजन होते हैं। ऐसे में पूरे मंडल के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए विद्युत लाइनों को ठीक कराया जा रहा है। ट्रांसफार्मर में लीड व फ्यूज की बेहतर व्यवस्था की गई है। इससे तत्काल आपूर्ति बहाल कराई जा सकेगी। ट्रांसफार्मर में तेल के साथ ही उपकेंद्र स्तर पर लाइनों को ठीक कराने के लिए सभी काम किए जा रहे हैं।
प्रत्येक डिवीजन में दो से तीन ट्रॉली ट्रांसफार्मर का इंतजाम किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर अधिकतम एक घंटे में आपूर्ति बहाल कराई जा सके। वहीं, जेई व एसडीओ को रात में गैंग की व्यवस्था रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सूचना मिलने पर तत्काल आपूर्ति बहाल कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कंट्रोल रूम में तैनात रहेंगे जेई व बाबू
गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती जिले में कंट्रोल रूम की व्यवस्था को मजबूत किया गया है। तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मुख्य अभियंता कार्यालय के साथ ही अधीक्षण अभियंता कंट्रोल रूम भी आपूर्ति पर नजर रखेगा। तत्काल आपूर्ति बहाल कराने के लिए जेई व बाबुओं की ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम की शिकायतों का प्रभावी तरीके से निस्तारण कराया जाएगा।