गोंडा। अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए जिले के 237 शिक्षकों ने अपने आवेदन बीएसए कार्यालय में जमा किए हैं। आवेदनों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शिक्षकों ने विभिन्न निर्धारित श्रेणियों के तहत स्थानांतरण की मांग की है। इनमें गंभीर बीमारी, दिव्यांगता और पति-पत्नी के एक ही सेवा में होने जैसे आधार प्रमुख हैं।
बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि आवेदनों में आठ शिक्षकों ने गंभीर बीमारी का हवाला दिया है। इनमें चार शिक्षकों ने कैंसर से पीड़ित होने और चार ने नियमित डायलिसिस पर होने का दावा किया है। 60 से अधिक शिक्षकों ने दिव्यांगता के आधार पर स्थानांतरण का अनुरोध किया है। इसके अलावा बड़ी संख्या में आवेदन पति-पत्नी दोनों के शिक्षक होने सहित अन्य निर्धारित श्रेणियों में प्राप्त हुए हैं।
शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार शिक्षक स्वयं अथवा उनके अविवाहित पुत्र-पुत्री के दिव्यांग होने, कैंसर से पीड़ित होने या डायलिसिस पर होने की स्थिति में स्थानांतरण का लाभ दिया जा सकता है। पति-पत्नी दोनों के शिक्षक होने पर शिक्षक-छात्र अनुपात के आधार पर संबंधित जिले में तबादले पर विचार किया जाएगा।