ढाई करोड़ रुपये से होगा नगरीय क्षेत्र का विकास
गोंडा। नगर पालिका परिषद के तहत आने वाले क्षेत्र के विकास के लिए दो करोड़ 58 लाख का बजट आवंटित किया गया है। वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए विशेष प्रस्ताव के जरिए मांगे गए इस बजट का आवंटन किया गया है।
14वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के आधार पर आवंटित इस बजट से नगरीय क्षेत्र में दो करोड़ रुपये से जलनिकासी व इंटरलॉकिंग तथा 50 लाख रुपये से बिजली के विकास कार्य कराए जायेंगे।
सोमवार को नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में विकास राज्यों के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष उज्मा राशिद की अध्यक्षता में मंगलवार को पालिका हाल में बोर्ड सदस्यों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शामिल सदस्यों को जानकारी देते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विकास सेन ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए शासन ने विशेष प्रस्ताव के जरिए परिषद को दो करोड़ 58 लाख आवंटित किए गए हैं।
14 वें वित्त आयोग की संस्तुतियों पर बजट की यह धनराशि आवंटित की गई है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष उज्मा राशिद ने सदस्यों की सहमति से जनवरी में हुई बोर्ड की बैठक मे विकास राज्यों को लेकर किए गए प्रस्ताव का अनुमोदन कर विकास कार्य कराने पर मुहर लगाई।
सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने कहा कि विकास राज्यों मे पारदर्शिता प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में है। इसलिए विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने नपाप के अधिशासी अधिकारी से विकास कार्यों के समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। नपाप अध्यक्ष उज्मा राशिद ने बताया कि आवंटित धनराशि में से करीब 2.08 करोड़ रुपये से नगरीय क्षेत्र में रबर मोल्ड इंटरलाकिंग व जलनिकासी के लिए नाली निर्माण पर खर्च किए जायेंगे।
नगर पालिका परिषद की बैठक में शहर के भीतर सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 50 लाख रुपये की व्यवस्था को गई है। इसके तहत बारी मार्केट से लेकर मनकापुर बस स्टाप तक उतरौला मार्ग पर 80 एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्ट्रीट लाइट के लगने के बाद इस क्षेत्र को अंधेरे से निजात मिल सकेगी।