डीम ने आधी रात को खोदवाई फोरलेन सड़क, कराई सैंपलिंग
गोंडा। जरवल-गोंडा की निर्माणाधीन फोरलेन सड़क की हकीकत देखने शुक्रवार देर रात डीएम खुद पहुंच गए। आधी रात को डीएम को सामने देख वहां काम करा रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने निर्माणाधीन सड़क को खोदवाकर उसकी सामग्री को जांच के लिए भेजवाया।
सड़क निर्माण में घपलों के चलते जिले की स्थिति बहुत ही दयनीय रही है। शुक्रवार की देर रात डीएम ने पहुंच गए। अंबेडकर चौराहे से डीएम बंगले के सामने बन रही डामर रोड का औचक निरीक्षण किया।
अम्बेडकर चौराहे के निकट बन रही जरवल रोड के निर्माण का कार्य रात में चल रहा था। निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता की हकीकत देखने के लिए डीएम पैदल ही कार्य स्थल पर अचानक पहुंच गए।
डीएम को देख वहां पर काम कर रहे कर्मचारी हड़बड़ा गए। डीएम ने वहीं पर मौजूद एई से रोड बनाने में इस्तेमाल हो रहे मैटीरियल को खुदवाकर सैंपलिंग कराई तथा गुणवत्ता की जांच के लिए विभागीय लैब भेजवाया और मैटीरियल का एक सैंपल डीएम ने खुद अपने पास रख लिया है।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद पीडब्लूडी के अधिकारियों व कार्य कर रही कम्पनी एचडीपीएल के कर्मियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में मानक के साथ कतई कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा तथा तय समय सीमा के अंदर निर्माण कार्य पूरा करा दें तथा शहर के अंदर बनी रही सड़क के कार्य में तेजी लाने के लिए भी निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान एई राम निवास, प्रमोद कुमार आचार्य, अनिल कुमार यादव तथा कंपनी के हरि व रामू सहित अन्य कर्मचारी व श्रमिक मौजूद रहे।
बस स्टेशन-मिश्रौलिया रोड को भी देखिए डीएम साहब
बीते दो साल से बन रही टू लेन सड़क की गुणवत्ता बेहद खराब है। सपा सरकार के समय शुरू हुई मिश्रौलिया पुलिस चौकी से फैजाबाद रोड स्थित मुन्नन खां चौराहा तक रोड पूरी नहीं हो पायी है।
करीब छह करोड़ रुपये से बनने वाली इस सड़क का काम अधूरा छोड़ दिया गया है। यह सड़क शहर के मध्य से होकर बननी है लेकिन बीच में सड़क का निर्माण नहीं हुआ जितना हुआ है उसमें डबल कोट का डामर नहीं बनाया गया है।