प्रथम चरण में होने वाले पंचायत चुनाव में करनैलगंज तहसील क्षेत्र के चार ब्लॉकों पर दूसरे दिन ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 2151 लोगों ने परचा दाखिल किया। नामांकन का आखिरी दिन होने से मंगलवार को नामांकन करने वालों की काफी भीड़ रही। पहले नामांकन करने को लेकर ब्लॉकों पर धक्कामुक्की के हालात रहे।
करनैलगंज तहसील क्षेत्र के चार ब्लॉकों में प्रधान पद के कुल 261 व ग्राम पंचायत सदस्य के 3231 पदों पर चुनाव होना है।
यहां नामांकन के पहले दिन ग्राम प्रधान पद के लिए 949 व ग्राम पंचायत सदस्य पद के 723 लोगों ने नामांकन किया था। वहीं, मंगलवार को ग्राम प्रधान पद के लिए लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
करनैलगंज ब्लॉक में उम्मीदवारों ने रिटर्निंग अफसर विनय सिंह के समक्ष नामांकन पत्रावली प्रस्तुत की, जबकि हलधरमऊ ब्लॉक के आरओ पीएन सिंह, परसपुर के अशोक कुमार, कटरा बाजार के आरओ वीरेन्द्र चतुर्वेदी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया।
हर किसी को बस जल्दी थी कि वे पहले अपना नामांकन कर लें। ब्लॉकों पर मंगलवार को आखिरी मौका होने से काफी गहमागहमी रही। नामांकन करने वालों में महिलाएं भी शामिल रहीं।
चुनाव में जमानत की राशि जमा करने को लेकर बैंक में भीड़ लगी रही। मंगलवार नगर के स्टेशन रोड पर स्थित स्टेट बैंक में लोगों की भारी भीड़ जमा रही।
लोग सुबह से ही बैंक में जमानत राशि जमा करने को लेकर पहुंचे। बैंक में रोजाना कार्य के अलावा चालान जमा करने वाले उम्मीदवारों की भीड़ उमड़ने से बैंक कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
ब्लॉक ग्राम प्रधान ग्राम पंचायत सदस्य
करनैलगंज - 65 795
परसपुर - 68 866
हलधरमऊ - 61 735
कटरा बाजार - 67 835
कुल - 261 3231