प्रीति शुक्ला कमिश्नर तो नितिन बसंल नए डीएम
गोंडा। लोकसभा चुनाव से पहले शासन ने जिले में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। मुख्य विकास अधिकारी के तबादले के बाद अब नए आयुक्त और जिलाधिकारी तैनात किए गए हैं।
शुक्रवार देर रात आयुक्त सुधेश कुमार ओझा का तबादला सचिव राजस्व के पद किया गया है और जिलाधिकारी कैप्टन प्रभांशु कुमार श्रीवास्तव को विशेष सचिव अवस्थापना व औद्योगिक विकास के पद पर भेजा गया है।
देवीपाटन मंडल के आयुक्त के पद सचिव माध्यमिक शिक्षा प्रीति शुक्ला तो जिलाधिकारी के पद वाराणसी के नगर आयुक्त डॉ. नितीन बसंल को तैनाती मिली है। इसके अलावा अपर पुलिस अधीक्षक के पद महेंद्र कुमार को तैनाती मिली है।
प्रीति शुक्ला मूल रूप से कानपुर की निवासी हैं। इनके पति निखिल चंद्र शुक्ल भी भारतीय प्रशासनिक सेवा में उत्तर प्रदेश कैडर के ही अधिकारी हैं। 1985 बैच की पीसीएस अधिकारी प्रीति शुक्ला 2003 में आईएएस बनीं।
शासन में विशेष सचिव खाद्य एवं औषधि, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य समेत कई पदों पर रहीं। वर्ष 2015 में बलरामपुर की जिलाधिकारी रहीं। वह देवीपाटन मंडल की पहली महिला आयुक्त होंगी।
2009 बैच के युवा आईएएस अधिकारी डा. नितिन बंसल गोंडा के नए जिलाधिकारी बनाये गए हैं। भटिंडा पंजाब के मूल निवासी डॉ. बंसल ने एमबीबीएस की पढ़ाई करने के बाद सिविल सर्विस में आए।
गोरखपुर में करीब दो वर्ष के प्रशिक्षण के उपरांत कानपुर नगर के संयुक्त मजिस्ट्रेट बने। इसके बाद प्रयागराज के मुख्य विकास अधिकारी का कार्यभार संभाला। सपा सरकार में फरवरी 2013 को कन्नौज का जिलाधिकारी बनाया गया लेकिन उसी दिन यह आदेश संशोधित होकर कानपुर देहात का जिलाधिकारी बना दिया गया। बाद में वह इटावा और मथुरा के जिलाधिकारी भी रहे।