पक्ष में बयान न देने पर लेखपाल को धमकी, केस दर्ज
गोंडा। ग्राम समाज की भूमि में लगा आम का पेड़ काटने के एक आरोपी के भतीजे ने दलित लेखपाल को मुकदमे में उसके मनमाफिक बयान न देने पर धमकी दी है।
लेखपाल ने थाना परसपुर में आरोपी के खिलाफ अभद्रता करने, सरकारी कर्मचारी को धमकी देने व एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना परसपुर में शनिवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में मंगुरा बाजार तथा अभईपुर क्षेत्र के लेखपाल देवीप्रसाद ने कहा कि एसडीएम करनैलगंज के निर्देश पर वह 3 मार्च 2017 को पूर्व लेखपाल विजयप्रताप सिंह के साथ ग्राम समाज की भूमि पर लगे आम के पेड़ों की कटान देखने गए थे।
इन पेड़ों को त्रिवेनीप्रसाद पांडेय ग्राम अभईपुर काट रहे थे। त्रिवेनी के खिलाफ 3 मार्च 2017 को थाना परसपुर में केस दर्ज हुआ था। लेखपाल के मुताबिक त्रिवेनी के भतीजे शिवभवन पांडेय ने अदालत में उसके पक्ष में बयान देने के लिये अक्सर फर्जी शिकायती पत्र देकर उसपर दबाव बनाते थे।
गुरुवार को वह मुख्यालय से अपने क्षेत्र की तरफ आ जा था। तभी शिवभवन ने उसे रोकना चाहा मगर वह नहीं रुका। जिसपर बाइक ओवरटेक कर ग्राम सुसुंडा के पास शिवभवन ने उसे रोक लिया और उसे अभद्रता करते हुए अदालत में चल रहे मुकदमे में उसके पक्ष में बयान न देने पर देख लेने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर शिवभवन के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, धमकी व एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।