19 मार्च को होगा जिला पंचायत अध्यक्ष का उप चुनाव
गोंडा। जिला पंचायत अध्यक्ष पद का उप चुनाव 19 मार्च को होगा। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी जेबी सिंह ने मंगलवार को इस चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। करीब एक साल से खाली चल रहे जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को नया जिला पंचायत अध्यक्ष मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के आम चुनाव में सपा शासन में कृषि मंत्री रहे विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह के भाई की बहू श्रद्धा सिंह सिंह सपा से जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निवरोध निर्वाचित हुई थीं। सत्ता शासन बदलने के दो माह बाद ही अध्यक्ष श्रद्धा सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
उनके अचानक इस्तीफा देने के पीछे सत्ता शासन के बदले दौर में काम कर पाने को लेकर मुश्किल खड़ी होने का कारण माना गया था। हालांकि उन्होंने इस्तीफा देने का कोई कारण नही बताया था। तब से यह सीट रिक्त चल रही थी।
अब इसके लिए आयोग ने हरी झंडी दे दी है। इसी के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। कार्यक्रम के तहत 12 मार्च को नामांकन दाखिल होगा, उसी दिन नामांकन पत्रों की जांच होगी।
15 मार्च को उम्मीदवारी वापस लेने का समय है। इसके अलावा 19 मार्च को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना होगी। जिलाधिकारी जेबी सिंह ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो जाएगी। निर्वाचन के सभी कार्य जिला मजिस्टे्रट कोर्ट पर होंगे।