किसान ने पेश की ईमानदारी की मिसाल
लाखों के जेवर से भरा बैग पुलिस को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
तरबगंज (गोंडा)। ईमानदारी अभी जिंदा है। इसकी मिसाल पेश करते हुए बनगांव रतनपुर निवासी किसान रामकेवल यादव ने रास्ते में पड़े मिले लाखों रुपये के जेवर 100 नंबर पुलिस के हवाले कर दिए। जिसके बाद 100 नंबर की टीम ने जेवर के असली मालिक को ढूंढकर उसका सामान उसके हवाले कर दिया।
26 जुलाई को तुलसीपुर माझा गांव की निवासी राजकुमारी अपने पति छैलू यादव के साथ अपने मायके पूरे डाल थाना उमरी बेगमगंज जा रही थीं । रास्ते में वनगांव के पास एक बाइक से इनकी बाइक की टक्कर हो गई, जिससे बैग में रखा इनका लाखों रुपये का जेवर गिर गया था। जो रतनपुर निवासी रामकेवल यादव को मिला। रामकेवल यादव ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए इसकी जानकारी 100 नंबर टीम के कांस्टेबल ब्रह्मदेव यादव को दी । ब्रह्मदेव अपनी टीम प्रभारी एचसीपी रमाकांत यादव के साथ मौके पर पहुंचे और बैग को स्थानीय लोगों की मौजूदगी में खोलकर देखा तो उसमें मटर माला, सोने की अंगूठी कान का टॉप्स, झुमका, बिछिया, करधन, दसबंद पायल तथा नथुनी लगभग एक लाख रुपये के जेवरात मौजूद थे। जिसके बाद 100 नंबर की टीम ने जेवर के वास्तविक मालिक की तलाश शुरू की। दावेदारी में कई लोग सामने आए। लेकिन स्थानीय थाने पर जेवरात के बारे में पूरी जानकारी नहीं दे सके। इसी बीच राजकुमारी भी अपना जेवर खोजते-खोजते बनगांव पहुंची। जहां पर कुछ लोगों ने बताया कि उसका खोया सामान 100 नंबर टीम के पास है। शनिवार को महिला स्थानीय थाने पर पहुंची, जहां टीम ने राजकुमारी को जेवरात का बैग सौंप दिया।