मंगुरा बाजार (गोंडा)। विकास खंड बेलसर में दुग्ध उत्पादन व किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार ने 20 गांवों को गोकुल ग्राम में चयनित किया है। चयनित इन गांवों में पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान व टीकाकरण की सुविधा मुफ्त मिलेगी। दूर दराज के गांव के लोगों को पैरावेट के माध्यम से सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए प्रति पशु की दर से पैरावेट को सरकार की ओर से 50 रुपये दिए जाएंगे।
विकास खंड बेलसर में 51 ग्राम पंचायते हैं। इनमें 20वीं पशुगणना के अनुसार 56891 पशु चिह्नित किए गए हैं। इसमें 24281 गोवंशीय, 19800 महिषवंशीय, 00469 भेड़, 12135 बकरी सहित कुल 56891 मवेशी हैं।
गोकुल मिशन के तहत चयनित मुकुंदपुर, स्माइलपुर, फेहरा, डिक्सिर, भिखारीपुर कला, पूरे मोहन हिलालपुर, बंजरवा, गोपीपुर, खाभरोनी, बादलपुर, खड़ोरा, पूरे दयाल, बिरसिंहपुर, हरखापुर, माधवपुर, जबरनगर, तारा डीह, अमदही, गढ़ी के पशुपालकों के पशुओं को कृत्रिम गर्भाधान व चिकित्सा के लिए एक चिकित्सक, दो पशुधन अधिकारी, दो वेटनरी फार्मासिस्ट, सात पैरवेट की तैनाती की जाएगी।
पशु चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र कुमार उपाध्याय ने बताया कि पशु चिकित्सालय सिधौटी पर तीन साल से पशु चिकित्सा अधिकारी व वेटनरी फार्मासिस्ट का पद खाली है। फिर भी अन्य स्टाफ से टीकाकरण व चिकत्सा का कार्य कराया जा रहा है। बताया कि पैरावेट को ऑनलाइन टैगिंग व कृत्रिम गर्भाधान की सूचना विभाग के वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। प्रति पशु गर्भाधान का 50 रुपये सरकार पैरावेट वर्करों को भुगतान करेगी।