प्रदेश के विधान सभा चुनाव के पांचवें चरण में गोंडा जिले के कुल सात विधान सभा सीटों पर सोमवार को मतदान होगा। सोमवार को मतदान सुबह सात से पांच बजे शाम तक होगा। जिले के सात विधान सभा सीटों के लगभग 23.57 लाख वोटर मतदान कर 87 उम्मीदवारों की तकदीर लिखेंगे।
रविवार को दोपहर में 2430 बूथों के लिए 2430 पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। देर शाम तक सभी पोलिंग पार्टियां अपने निर्धारित बूथों पर पहुंच गईं। आयोग के निर्देश पर मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं।
जिले में शान्तिपूर्ण मतदान के लिए जिला प्रशासन की ओर से जिले को निगरानी के लिए 28 जोन व 189 सेक्टर में बांटा गया है। सभी मतदान बूथों पर अर्धसैनिक बल के अलावा पुलिस व पीएसी के जवान लगाये गये हैं।
जिले की सभी 26 वलनरेबल व 539 क्रिटिकल बूथों पर सेन्ट्रल पैरा मिलेट्री फोर्स को लगाया गया है। इसके अलावा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मोबाइल टीमें मतदान के दौरान पैनी नजर रखेंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी व पुलिस प्रमुख पूरे जिले के हालात का भ्रमण कर निगरानी करेंगे।
मतदान के बाद सभी ईवीएम मशीनों को मतगणना तक सुरक्षित रखे जाने के लिए कृषि उत्पादन मण्डी समिति में स्ट्रांगरूम बनाया गया है। स्ट्रांगरूम की निगहबानी सेन्ट्रल पैरा मिलेट्री फोर्स के हवाले रहेगी। मतदान के बाद मतदान बूथ से ही ईवीएम को सीपीएमएफ की सुरक्षा में ईवीएम स्ट्रांग रूम तक भेजी जाएगी। इसके अलावा यहां निगरानी के लिए तीसरी आंख का भी पहरा बिठाया गया है। क्लोज सर्किट कैमरें में स्ट्रांग रूम की निगरानी लगातार चलती रहेगी। इसके अलावा मजिस्ट्रेटों की भी निगरानी बनी रहेगी।