फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिला पंचायत की 16 सीटों पर 190 नामांकन

Thu, 01 Oct 2015 10:10 PM IST
गोंडा/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए गुरुवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। दूसरे चरण के पहले दिन 16 जिला पंचायत सदस्य सीटों के लिए 190 लोगों ने परचे भरे। वहीं, पांच ब्लॉकों की 410 क्षेत्र पंचायत सदस्य सीटों के लिए 1689 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
विज्ञापन


पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में सदर तहसील क्षेत्र के जिला पंचायत क्षेत्र में बछईपुर, मुजेहना, उजैनीकला, दिखलौल, मेहनौन, इटियाथोक, इटाहिया नवीजोत, असिधा, कौड़िया, खरगूपुर इमलिया, पंड़रीकृपाल पूर्वी, पश्चिमी, भदुआ तरहर, उम्मेदजोत, गिर्द गोंडा व काजी देवर के लिए नामांकन दाखिल किए गए।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्ञानमती ने गोंडा गिर्द से परचा भरा। इस दौरान उनके पति पूर्व उपाध्यक्ष पलटूराम सहित अन्य समर्थक भी मौजूद रहे।

इसके अलावा मुजेहना से पूर्व जिला पंचायत सदस्य राम उदार वर्मा, ममता मिश्रा, खरगूपुर इमलिया से आज्ञाराम पासवान, उजैनी कला से सीता देवी ने नामांकन किया। इस दौरान सूूर्यनारायन तिवारी, विधायक बावन सिंह, राजबाबू गुप्ता ,घनश्याम पांडेय आदि मौजूूद रहे।   
विज्ञापन


गुरुवार को रुपईडीह ब्लॉक क्षेत्र के 97 बीडीसी पदों के लिए 305 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। मुजेहना ब्लॉक के 82 पदों के लिए 397, झंझरी के 99 पदों के लिए 354, पंड़रीकृपाल की 51 सीटों के लिए 252 व इटियाथोक की 81 सीटों के लिए 381 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।

लाव लश्कर के साथ पहुंचे विधायक
पंचायत चुुनाव के दूसरे चरण में नामांकन के पहले दिन ही आचार संहिता की धज्जियां उड़ गईं। गुरुवार को सदर तहसील के उजैनी जिला पंचायत क्षेत्र से पत्नी सुनीता देवी का परचा दाखिल कराने बलरामपुर सदर विधायक जगराम पासवान के लंबे वाहन काफिले से पूरे शहर में जाम की स्थिति बनी रही। सात दर्जन से अधिक वाहनों के काफिले से चार वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर में भी प्रवेश दिया गया।

गुरुवार को दूसरे चरण के चुनाव के लिए सदर तहसील के जिला पंचायत क्षेत्रों के सदस्यों का नामांकन का पहला दिन था। बलरामपुर के सदर विधायक जगराम पासवान अब यहां की राजनीति में पैठ बनाने की चाहत को लेकर उजैनी जिला पंचायत सदस्य पद पर पत्नी को चुनाव लड़ा रहे हैं।

गुरुवार को वह पत्नी का नामांकन कराने लाव लश्कर तथा वाहन काफिले के साथ पहुंचे। सूत्रों की मानें तो सात दर्जन से अधिक चौपहिया वाहनों के काफिले से शहर में जाम की स्थिति बन गई। विधायक के साथ आए वाहन काफिले को कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर रोक दिया गया।

फिर भी कलेक्ट्रेट परिसर में चार वाहनों सहित सैकड़ों समर्थक आ गए और उनके जयकारे लगाते रहे। जयकारों के बीच विधायक जगराम पासवान ने पत्नी सुनीता देवी सहित एक अन्य परिवारीजन का नामांकन कराया।

नामांकन के दूसरे दिन आधी आबादी का भी जोर दिखा। नामांकन करने आई उजैनी जिला पंचायत क्षेत्र की सीता देवी व अन्य उम्मीदवारों ने काफी इंतजार के बाद अपने प्रस्तावों के साथ नामांकन किया। मुजेहना विकास खंड में महिलाओं की काफी भीड़ देखी।

गुरुवार को चालान जमा करने व नामांकन करने के लिए लोगों को लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। नगर कोतवाली के सामने स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पर भोर से भीड़ लग गई। दिन भर  कतारों में खड़े होकर लोगों ने चालान फॉर्म भरे और फिर नामांकन पत्र दाखिल किया।

गोंडा। प्रथम चरण का नामांकन कर चुके नामांकन पत्रों की जांच में गुरुवार को परसपुर जिला पंचायत क्षेत्र से परचा दाखिल करने वाली पूजा सोनी का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया।

वहीं, कटराबाजार ब्लॉक क्षेत्र के अशोकपुर प्रथम से बीडीसी पद के लिए नामांकन करने वाली मीना देवी पत्नी आज्ञाराम की आयु कम पाई गई, जिससे उनका परचा खारिज कर दिया गया।

कटरा ब्लॉक क्षेत्र में 630 नामांकन वैध पाए गए। वहीं, करनैलगंज में महिला के लिए आरक्षित सीट पर एक पुरुष ने परचा दाखिल किया था, उसे भी खारिज कर दिया गया।
विज्ञापन


करनैलगंज में 392 नामांकन पत्र वैध पाए गए। हलधरमऊ ब्लॉक क्षेत्र में 456 नामांकन वैध पाए गए, जबकि दो नामांकन खारिज कर दिए गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें