वजीरगंज (गोंडा)। अशोकपुर के रौजा दरगाह शरीफ से सजदा करके परिवार के साथ वापस लौट रहे बाइक सवार युवक को ट्रेलर ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार ननद-भाभी नीचे गिर गईं। ट्रेलर ने दोनों को रौंद दिया। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक समेत एक मासूम बच्ची घायल हो गई।
थाना तरबगंज क्षेत्र के चमसुहा बनगांव निवासी अरमान अली उर्फ़ रहमान ने बताया कि रविवार की सुबह वह अपनी पत्नी रूबीना (32), बहन जिलेखा (27) पत्नी निजामुद्दीन उर्फ राजू निवासिनी कोंड़र व जिलेखा की बेटी हिना (4) के साथ बाइक से वजीरगंज थाना क्षेत्र के अशोकपुर गांव में स्थित रौजा दरगाह शरीफ सजदा करने आया था।
सभी एक ही बाइक पर सवार थे। वहां से वापस लौटते समय जब वह कस्बा वजीरगंज की सब्जी मंडी के समीप पहुंचा था। तभी कासगंज से सरसों लादकर पश्चिम बंगाल जा रहे एक ट्रेलर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे रूबीना व जिलेखा बाइक से नीचे जा गिरीं। दोनों की ट्रेलर से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरमान अली उर्फ रहमान व उसकी भांजी हिना घायल हो गई।
दोनों को सीएचसी वजीरगंज लाया गया। जहां से अरमान को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मौके से भागे चालक को पुलिस ने नवाबगंज में पकड़ लिया। थाना वजीरगंज में अरमान ट्रेलर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।