आयुष्मान भारत के लिए चालू हुआ डोर टू डोर अभियान
गोंडा। आयुष्मान भारत के तहत गरीब परिवारों को पांच साल में पांच लाख तक का मुफ्त उपचार मुहैया कराए जाने के लिए आशाओं व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने डोर टू डोर अभियान शुरू कर दिया है।
रविवार को अभियान के तहत नगरीय निकायों में हुई गोष्ठी के बाद खुद सीएमओ ने अभियान की हकीकत जानने के लिए कई निकायों का दौरा कर चलने वाले अभियान की हकीकत परखी। जबकि सोमवार को इसके तहत निकायों में एक हजार परिवारों के घर-घर जाकर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने इसकी सूचना अंकित की।
सामाजिक एवं आर्थिक जनगणना 2011 के तहत होने वाले इस सर्वेक्षण अभियान में स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर लाभार्थी परिवारों की डिटेल अंकित कर रहे हैं।
ताकि आयुष्मान भारत में जिन परिवारों को योजना का लाभ मिलना है, उनके रिकार्ड पूरी तरह से स्वास्थ्य विभाग में अपडेट रहें। जिले की 7 निकायों में ऐसे लाभार्थी परिवारों की संख्या करीब साढ़े 15 हजार है।
जिन्हें योजना में हर साल एक लाख तो पांच साल में पांच लाख रुपए के उपचार की सुविधा मुहैया कराई जानी है। सीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को इस अभियान के तहत हुई गोष्ठी का उन्होंने तीन निकायों का भ्रमण कर जायजा लिया था।
इसके साथ ही सोमवार को चले डोर टू डोर अभियान की समीक्षा भी की जा रही है। अभी यह अभियान निकायों में तीन से चार दिन और चलेगा। सारी जानकारी इकट्ठा हो जाने के बाद उसे भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा।