बाढ़ से पूर्व दुरुस्त करें सभी इंतजाम : डीएम
गोंडा। आपदा प्रबंधन की बैठक से बिना सूचना गैरहाजिर रहने पर जिलाधिकारी जेबी सिंह ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण खण्ड-एक रघुवीर सिंह के खिलाफ सोमवार को विभागीय कार्रवाई किए जाने की संस्तुति की है।
साथ ही आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों को बाढ़ से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण कर लेने के सख्त निर्देश दिए हैं।
बैठक में बाढ़ क्षेत्रों में सड़कों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जब एक्सईएन पीडब्लूडी खंड एक रघुवीर सिंह को तलब किया तो वे बिना सूचना गैरहाजिर मिले।
नाराज डीएम ने चेतावनी के बावजूद सुधार न करने पर एक्सईएन के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने की संस्तुति की है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि आपदा राहत के मामलों में किसी भी स्तर लापरवाही कतई क्षम्य नहीं होगी।
निर्देश दिए कि जिस भी विभाग की जो भी जिम्मेदारी हो वे उसे पूरी जिम्मेदारी केे साथ समय से पूर्ण कराएं अन्यथा कठोर कार्रवाई होगी। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि वे बाढ़ प्रभावित सभी गांवों में शत-प्रतिशत टीकाकरण करवा दें।
इसके लिए हर गांव, हर मजरे में स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर महिलाओं व बच्चों का टीकाकरण 15 दिनों के अंदर करें। पशुओं का टीकाकरण अनिवार्य रूप से कराए जाने के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए।
बाढ़ प्रभावित ब्लाकों जैसे करनैलगंज, परसपुर, बेलसर, तरबगंज तथा नवाबगंज क्षेत्र में अभियान चलाकर टीकाकरण कराने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा बाढ़ क्षेत्र में शुद्ध पेयजल के लिए हैंडपंपों का उच्चीकरण व बाढ़ के दौरान पशुओं के लिए चारे तथा केरोसिन की व्यवस्था कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ राहत चौकियों का निरीक्षण कर लें।