नशे में धुत युवक ने साथियों संग किया पत्नी से रेप
गोंडा । कहते हैं जोड़ियां ऊपर वाला बनाता है। परिवार वाले तो सिर्फ अपनी भूमिका निभाकर दोनों को सात फेरों में बांधने का काम करते हैं। मगर यहां तो नशे में धुत एक पति सात फेरों की सातों कसमें भूल गया और अपने दोस्तों संग मिलकर पत्नी के साथ गौना से पहले गैंगरेप किया। पत्नी ने सोमवार को थाना मोतीगंज में पति और उसके दो साथियों के खिलाफ गैंगरेप का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना मोतीगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 20 वर्षीया युवती इंटर की छात्रा है। उसकी शादी तीन साल पहले कोतवाली मनकापुर क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले एक युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद उसका पति अपनी पत्नी से मिलने अक्सर उसके गांव के बाहर आता रहता था।
वह पत्नी को फोन करके गांव के बाहर बुलाता था और मिलने के बाद वापस चला जाता था। युवती ने बताया कि 08 फरवरी की शाम पांच बजे उसके पति ने हर बार की तरह ही उसे फोन करके गांव के बाहर बुलाया, जब वह पति से मिलने पहुंची तो वह अपने दो साथियों के साथ नशे में धुत था।
युवती के मुताबिक उसके पति और उनके दो साथियों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ गैंगरेप किया। तीनों ने गैंगरेप के बारे में किसी से न बताने की उसे धमकी दी और भाग निकले। युवती ने बताया कि वह लोकलाज के डर से खामोश रही।
मगर उसके पति ने गौना करने से इन्कार कर दिया। पत्नी ने अपने पति व उसके दो साथियों के खिलाफ थाना मोतीगंज में गैँगरेप व धमकी की तहरीर दी है। थानाध्यक्ष मोतीगंज प्रियम्बद मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।