ट्रक से कुचलकर एक बैंक कर्मी की मौत, एक घायल
बाइक से लखनऊ बैंक ड्यूटी जाते समय हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
करनैलगंज (गोंडा)। कटरा शाहबाजपुर रेलवे क्रासिंग के पास सोमवार की सुबह ट्रक की चपेट में आने से कुचलकर बाइक सवार एक बैंक कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे लखनऊ के ट्रॉमा सेंन्टर में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
मामले में कोतवाली करनैलगंज में ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना तरबगंज क्षेत्र के ग्राम पुरैनी निवासी अम्बरीष कुमार पांडेय ने बताया कि उसके चाचा प्रदीप पांडेय लखनऊ में एचडीएफसी बैंक में नौकरी करते हैं। अम्बरीष के मुताबिक उसके चाचा प्रदीप पंाडेय थाना परसपुर क्षेत्र के ग्राम दूबे पुरवा निवासी अपने साथी बैंककर्मी राहुल दूबे के साथ सोमवार की सुबह बाइक से लखनऊ जा रहे थे। वह दोनों गोंडा-लखनऊ मार्ग के कटरा शाहबाजपुर रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचे थे। तभी सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आकर गिर गए। जिससे राहुल दुबे की ट्रक से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रदीप पांडेय को लखनऊ के ट्रॉमा सेन्टर में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। कोतवाल अंगद राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।