विजय स्तंभ यात्रा में भगवान घनश्याम की जय जयकार
मसकनवा गोंडा। भगवान घनश्याम महाराज की जन्म स्थली स्वामीनारायण मंदिर में सोमवार को भव्य विजय स्तम्भ यात्रा समारोह का आयोजन किया गया। शोभायात्रा हाथी, पालकी, गाड़ी व गाजे बाजे के साथ मंदिर परिसर से धूमधाम सेे निकाली गयी।
इस अवसर पर स्वामीनारायण, स्वामीनारायण भगवान घनश्याम महराज की जय के उद्घोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। मंदिर के महंत ब्रम्हचारी स्वामी वासुदेवानंद महराज व ब्रम्हचारी पीपी स्वामी ने शोभा यात्रा की शुरुआत की।
विजय स्तम्भ यात्रा स्वामीनारयण मंदिर से निकलकर धर्मारण्य नगर नरैचा पहुंची। मंदिर के महंत स्वामी वासुदेवानंद ने बताया कि घनश्याम महराज के छपिया धाम जन्म स्थान मंदिर का उद्घाटन महोत्सव 31 अक्तूबर से 4 नवम्बर तक होगा।
पांच दिवसीय जन्म स्थान उद्घाटन महोत्सव के उपलक्ष्य में विजय स्तम्भ की स्थापना धर्मारण्य क्षेत्र में किया गया है। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद कीर्तिवर्धन सिंह राजा भैया व विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक प्रभात वर्मा ने स्तंभ समारोह का उद्घाटन किया।
वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन कराकर विजय स्तम्भ की स्थापना की गयी। विजय स्तम्भ यात्रा समारोह के मुख्य यजमान सुकेत भाई पटेल मणिनगर अहमदाबाद ने पूजन कराया। विजय स्तम्भ यात्रा समारोह में सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि भगवान घनश्याम महराज के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके विचारों से सभी को सीख लेनी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि विधायक प्रभात वर्मा ने कहा कि भगवान घनश्याम महराज बाल्यावस्था से ही लोगों को सत्य के मार्ग पर चलने का सन्देश दिया। गुरुप्रसाद स्वामी, राघवेशदास वेदान्ती, नारायण जी, अंगददास, कृपाशंकर मिश्र, भरतदास, अखिलेश्वर दास, श्यामचरण दास, सर्वेश्वरदास, शुभनंदनदास, भूपति भगत, हरिकृष्ण नंदन, अंजनिदास सहित अनेक महात्माओं ने समारोह को संबोधित किया।