टायर फटने से पलटी जीप, 3 की मौत, 9 जख्मी
गुरु पूर्णिमा पर अयोध्या स्नान करने जा रहे थे सभी लोग
वजीरगंज में राजा सगरा के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। गुरु पूर्णिमा के मद्देनजर रविवार को जीप से अयोध्या स्नान करने जा रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार जीप का अगला टायर फट जाने से वह अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें सवार एक महिला की जहां मौके पर ही मौत हो गई तो दो लोगों ने अस्पताल पहुंचते-पहुंचते दम तोड़ दिया। जबकि 9 घायलों का इलाज जिला अस्पताल में अभी भी चल रहा है।
गुरुपूर्णिमा पर स्नान करने की लालसा लिए रविवार को विश्वेश्वरगंज के तिवारीपुरवा मेंठिया में रहने वाला एक परिवार बहराइच के विशेश्वरगंज से अयोध्या जा रहा था। सुबह 7 बजे जैसे ही श्रद्धालुओं से भरी जीप वजीरगंज के राजा सगरा के पास पहुंची कि उसका अगला टायर अचानक फट गया। जिससे जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में राजरानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों में सती पत्नी रामनारायण, सुशीला पत्नी रामविलास, रामादेवी पत्नी राजिन्दर, वेदमती पत्नी लायकराम, संजू देवी पत्नी दिनेश, मुन्नी देवी पत्नी बजरंगीलाल के अलागा खुद बजरंगीलाल, जूली, आनंद और अर्पित को तत्काल राजा सगरा वजीरगंज से प्राइवेट वाहनों के माध्यम से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जिसमें वेदमती पत्नी लायकराम व बजरंगीलाल ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी 9 घायलों का इलाज अभी भी जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में बहराइच के विश्वेश्वरगंज से गोंडा जिला अस्पताल पहुंचे लोगों में रोना-पिटना मच गया। जिसे लेकर पूरे दिन जिला अस्पताल में भीड़ सा माहौल रहा। वहीं मेंठिया तिवारी पुरवा विश्वेश्वरगंज में पूरी तरह से सन्नाटा फैल गया है।