बाइकर्स गैंग ने चालक को पीटकर लूटे 35 सौ रुपये
पुलिस ने नही लिखी रिपोर्ट, जांच के नाम पर टरकाया
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। कोतवाली नगर क्षेत्र के पोर्टरगंज बाजार में शुक्रवार रात बाइक सवार तीन युवकों ने दंबगई दिखाते हुए एक जीप चालक को पीटकर उसके पास से 35 सौ रुपये लूट लिए। जाते समय युवकों ने शराब की बोतल मारकर उसके वाहन का सीसा भी तोड़ दिया। इस घटना की सूचना लेकर जब पीड़ित युवक नगर कोतवाली पहुंचा तो पुलिस ने उसकी रिपोर्ट लिखने के बजाय जांच किए जाने का हवाला देकर उसे टरका दिया। नगर कोतवाल का कहना है कि पीड़ित लूट का आरोप लगा रहा है इसलिए रिपोर्ट नहीं लिखी जा सकती।
कोतवाली नगर क्षेत्र के पोर्टरगंज का रहने वाला लाल नायक शुक्ला एक दैनिक समाचार पत्र के संस्थान में चालक है। वह लखनऊ से अखबार लाने का काम करता है। शुक्रवार की रात करीब 8 बजे वह जीप से अपने घर से लखनऊ जाने के लिए निकला था। लाल नायक ने बताया कि वह पोर्टरगंज बाजार स्थित राजेंद्र नाथ लाहिड़ी स्कूल के समीप पहुंचा ही था कि बाइक पर सवार तीन युवक शराब की बोतल लहराते हुए उसके वाहन के आगे आकर खड़े हो गए। जब तक वह कुछ समझ पाता तब तक तीनों युवक उस पर टूट पड़े और उसे पीटने लगे। इस दौरान युवकों ने उसके जेब में रखा 35 सौ रुपया भी छीन लिया। लाल नायक ने बताया कि जब उसने शोर मचाया तो तीनों युवक बाइक पर सवार होकर भाग निकले। जाते समय युवकों ने शराब की बोतल को जीप के शीशे पर दे मारा जिससे वाहन का शीश टूट गया। इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए जब लाल नायक कोतवाली नगर पहुंचा तो पुलिस ने उसे जांच करने के बाद रिपोर्ट दर्ज करने का हवाला देकर टरका दिया। लाल नायक ने दो युवकों को पहचाना भी है। इस मामले में लाल नायक ने दो युवकों को नामजद करते हुए तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। इस घटना के संबंध में नगर कोतवाल सुनील कुमार राय का कहना है कि पीड़ित लूट का आरोप लगा रहा है इसलिए लूट की रिपोर्ट नहीं लिखी जा सकती है।