जिले में शनिवार को तीन गांवों में आग लगने से 18 लोगों के छप्पर के घर जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से एक बालिका समेत तीन लोग झुलस गए।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के कोनगवां गांव में शनिवार की सुबह अज्ञात कारणों से लगी आग में काशीराम, मुंशीराम, कालिका प्रसाद, सोमई, भारत, पियारे, भवानी आलोक कुमार, भुनेश्वरप्रसाद, बड़का के छप्पर के घर जल गए।
सामान बचाने के प्रयास में रामफेर की पत्नी बड़का, चार वर्षीय पुत्री काजल, वृद्ध महिला लालमणि झुलस गई। वहीं, धानेपुर थाना क्षेत्र के बेलहरी गांव में सुबह बिजली के तार आपस में टकराने से निकली चिंगारी से एक व्यक्ति का घर व अन्य तीन लोगों का मड़हा भी जल गया।
बेलहरी गांव के रहने वाले अवधेश कुमार ने बताया कि उनके गांव के बगल से बिजली की लाइन बनी हुई है। शनिवार की सुबह बिजली के तारों के आपस में टकराने के कारण निकली चिंगारी गांव के रामदेव के छप्पर पर जा गिरी, इससे आग लग गई। इस घटना में रामदेव का घर जल गया। आग की चपेट में आकर पड़ोस के रामफेर, रामउजागर व रामउदार के मड़हे भी जल गए।
उधर, नवाबगंज थाना क्षेत्र के ब्यौंदा माझा के गोगईपुरवा में शुक्रवार की रात लगी आग से गांव के आशाराम, रानू, लालादेव व रामपाल के छप्पर जलकर राख हो गए। आग से एक लाख रुपये की क्षति हुई है।