चंदहा नाला उफनाया , पुल के ऊपर से बह रहा पानी
गोंडा। हलधरमऊ क्षेत्र में बारिश के कारण चंदहा नाला उफना गया है। नापले का पारी पुल के ऊपर से बह रहा है। इससे क्षेत्र के चार गांवों के तकरीबन पांच हजार लोगों का रास्ता बंद हो गया है। नाला उफनाने से इन गांवों के बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।
हलधरमऊ ब्लॉक के सोनहरा-भरसड़ा सम्पर्क मार्ग पर 20 साल पहले चंदहा नाले पर पुल का निर्माण कराया गया था जो मौजूदा समय में जर्जर हो चुका है। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण चंदहा नाला उफना गया है।
इससे नाले का पानी पुल के तीन फिट ऊपर से बह रहा है। पुल पर पानी आ जाने से क्षेत्र के भरसड़ा, भटनईया, पतिसा, भोंका गांव के बीस मजरों की पांच हजार की आबादी वाले लोगों का रास्ता बंद हो गया है।
इन गांवों के बच्चे चंदहा नाना उफनाने से पिछले एक सप्ताह से स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। चंदहा नाला उफनाने से अब इन गांवों के लोगों को 10 किलोमीटर का चक्कर काटकर बालपुर जाना पड़ रहा है।
भटनैया भरसड़ा गांव के ग्राम प्रधान विपिन कुमार पांडेय ने बताया कि पुल जर्जर होने पर अधिकारियों से नए पुल का निर्माण कराने की मांग की गई। मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। क्षेत्र के पप्पू तिवारी, विनय तिवारी, छबीले, सुरेश मिश्र, अवधेश शुक्ल, दीपक मिश्र, अमित श्रीवास्तव आदि लोगों ने नए पुल का निर्माण कराने की मांग की है।