डेढ़ लाख की नकदी समेत चार लाख के जेवर पार
मनकापुर(गोंडा)। माधवपुर इटरौर गांव में सोमवार रात छत के रास्ते एक घर में घुसे चोरों ने डेढ़ लाख की नकदी व ढाई लाख के गहने पार कर दिए। पीड़ित परिवार ने मामले में कोतवाली मनकापुर में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
कोतवाली मनकापुर क्षेत्र के माधवपुर इटरौर गांव के रहने वाले स्वामी नाथ सिंह ने मंगलवार को कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में कहा कि बीती रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरे में सो रहे थे।
देर रात घर की छत पर चढ़े चोर जीने के रास्ते घर के अंदर घुस आए और सभी कमरों के दरवाजों की बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद चोर छह संदूक खिड़की के रास्ते से गन्ने के खेत में उठा ले गए।
वहां सभी संदूकों को तोड़ दिया और उसमें रखी डेढ़ लाख की नगदी व करीब ढाई लाख के जेवर के साथ मार्कशीट, महत्वपूर्ण दस्तावेज, किसान विकास पत्र, दो एफडी पेपर लेकर फरार हो गए।
स्वामी नाथ के मुताबिक मंगलवार की सुबह परिवार के लोग सोकर उठे तो कमरों का दरवाजा बाहर से बंद मिला, आवाज लगाने पर पड़ोसियों ने आकर दरवाजा खोला तब वह सभी बाहर निकले।
स्वामीनाथ सिंह ने कोतवाली मनकापुर में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है, जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।