मुजेहना (गोंडा)। धानेपुर के सिंघवापुर और इटियाथोक के पूरेसिधारी के ब्रह्मचारी कुटी में आग लगने से 16 लोगों के घर का सामान जल गया। इस दौरान दो भैंसें व दो बकरियां भी झुलस गईं।
सिंघवापुर में सोमवार दोपहर एक घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। हवा चलने के कारण लपटें कई अन्य घरों तक पहुंच गईं। कुछ ही देर में दशरथ लाल, रामप्रीत, बिहारी, रामसागर, मंशाराम, सूर्य प्रसाद, राज किशोर, राम चरन, जगप्रसाद व छांगुर के घर गृहस्थी का सामान राख हो गया। ग्रामीणों ने नल व बोरिंग के इस्तेमाल कर करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। पीड़ितों ने बताया कि आग लगने के बाद दमकल विभाग को जानकारी दी गई थी। मगर घंटों तक कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। आग पर काबू पाने के बाद दमकल की एक गाड़ी पहुंच सकी। इस दौरान छप्पर में बंधी रामसागर की भैंस झुलस गई।
वहीं, मुजेहना ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत पूरे सिधारी के मजरा ब्रह्मचारी कुटी में आग लगने के कारण पवन कुमार, राम मगन, मन्नू, अन्नू व कंधइया लाल की गृहस्थी का सामान जल गया। पवन कुमार दो बकरियों की जलकर मौत हो गई, एक भैंस भी झुलस गई। अनाज व ढाबली जल गई। फुलेसरा देवी की दुकान जली है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार राय ने बताया कि बताया कि घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। जांच की जा रही है।