मुकद्दस सफर है हज का, बड़ा अच्छा अखलाक रखना
ट्रेनिंग व टीकाकरण प्रोग्राम में हज यात्रियों को हज के माहिर ट्रेनरों ने दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। मुकद्दस हज के सफर पर जाने वाले लोग बड़े खुशनसीब हैं जिसको अल्लाह के घर व उसके पैगम्बर के घर को देखने का मौका मिला है। रविवार को हज कमेटी के निर्देश पर जिले के मदरसा फुरकानियां व मदरसा मीनाईया में हज पर जाने वाले यात्रियों को ट्रेनिंग देने के साथ उनका टीकाकरण किया गया। इस दौरान हज यात्रियों को ट्रेनिंग देने आए उलेमाओं व ट्रेनरों व अन्य लोगों ने हज के मुकद्दस सफर के लिए उन्हें मुबारकबाद दी। स्वास्थ विभाग की ओर से जिले के 675 हज यात्रियों का टीकाकरण करने के साथ उन्हें पोलियो की दवा पिलाई गई।
नगर के मोहल्ला मेवातियान स्थित मदरसा फुरकानियां में सुबह 9.00 बजे से 350 हज यात्रियों को ट्रेनिंग दी गई। मदरसे के सदर मुफ्ती अब्दुल रहीम की सदारत में हुए कार्यक्रम में जिला हज ट्रेनर व जिला हज कमेटी के सदस्य हाजी मजहरूल हक खां, मौलाना हफीज, मुफ्ती नियामतउल्लाह, हाजी मुस्ताक, मौलाना अजीमुल्लाह काजमी, आदि ने हज यात्रियों को हज करने के तौर तरीके की जानकारी दी। उलेमाओं ने सबको एक दूसरे की मदद करने की हिदायत दी। ट्रेनरों ने हिदायत दी कि ये मुकद्दस हज का सफर है किसी पर नाराजगी गुस्सा न होना, सबसे अच्छा अखलाक बर्ताव रखना। इसके अलावा हज के दौरान उठने बैठने के आदाब बताए इसके अलावा हज व उमरा के अरकान कैसे अदा करने हैं इसकी जानकारी देने के साथ वहां के हज का नजारा प्रोजेक्टर पर दिखाया। महिला हज यात्रियों को गजाला, आरफा, फरजाना आदि ने जानकारी दी। हज यात्रियों को कम व जरूरी सामान ले जाने की जानकारी दी। एक हज यात्री 25 हजार इंडियन रुपया ले जा सकेगा। इस दौरान स्वास्थ विभाग के डॉ. सुमन बाबू, फार्मासिस्ट अब्दुल खालिक, राशिद आदि ने हज यात्रियों का टीकाकरण किया और पोलियों की खुराक पिलाई। इस दौरान हाजी सनाउर्रहमान खां, हाजी शुएबुददीन, रियाज, मिस्बाह, अरशद अली आदि मौजूद रहे। इसी तरह से नगर के सकुर्लर रोड मोहल्ला कर्बला स्थित मदरसा मीनाईया में हजरत महबूब मीना शाह की सरपरस्ती में 325 हज यात्रियों का टीकाकरण व प्रशिक्षण हुआ। इस मौके पर महबूब मीना शाह ने सभी को मुबारकबाद दी। इसके बाद सभी लोगों ने हज पर जाने वाले लोगों के कामयाब सफर के लिए दुआएं मांगी गईं। कारी निसार अहमद, कसीम सिद्दीकी, पीर मोहम्मद खां आदि ने हज यात्रियों को हज करने के बारे में जानकारी दी। आसिफ मीनाई ने हज यात्रियों को हज के सफर का विजुअल सीडी दिखाकर जानकारी दी। डा. एजी हसन व अन्य स्टाफ ने हज पर जाने वाले लोगों का टीका लगाया। इस दौरान तमाम उलेमा व अन्य लोग मौजूद रहे।