गोंडा। क्षेत्र पंचायतों के प्रमुखों की शपथ के साथ ही ब्लाक की सरकार का गठन हुआ। मंगलवार को 15 ब्लाकों में प्रमुखों के साथ ही 1614 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने भी शपथ ली।
दोपहर में दो बजे ब्लाक की पहली बैठक भी हुई और ब्लाक की सरकार के संचालन के लिए छह समितियों के गठन की कार्रवाई भी हुई। जिले से नामित अधिकारियों ने ब्लॉक प्रमुखों व सदस्यों को शपथ दिलाया।
ब्लाक प्रमुखों ने विकास की योजनाओं को जन- जन तक पहुंचाने का दम भरा और विश्वास दिलाया कि ब्लाक के कामकाज पूरी पारदर्शिता से होंगे।
ब्लॉक प्रमुखों का चुनाव बीते 10 जुलाई को हुए थे और अब जाकर शपथ ग्रहण और पहली बैठक की कार्रवाई पूरी हो गई।
जिले के रुपईडीह ब्लाक में बबिता सिंह, कटरा बाजार में जुगरानी शुक्ला, हलधरमऊ में रिचा सिंह, बभनजोत में मधुलिका पटेल, झंझरी ब्लाक में रेखा मिश्रा, इटियाथोक में पूनम द्विवेदी, परसपुर में प्रियंका सिंह, करनैलगंज में तिलफा देवी, बेलसर में राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, तरबगंज में मनोज कुमार पांडे, नवाबगंज में अरुंधति सिंह, वजीरगंज में अनीता यादव, मनकापुर में जगदेव चौधरी, पंडरीकृपाल में प्रियंका गौतम मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख पद ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान नए ब्लाक प्रमुखों की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक भी हुई।
मनकापुर में मंगलवार को सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, एसडीएम ज्ञान चंद गुप्ता, बाबूलाल शास्त्री व क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे। समाज कल्याण अधिकारी डॉ गौरव स्वर्णकार ने नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख जगदेव चौधरी व क्षेत्र पंचायत सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि सांसद गोंडा कीर्तिवर्धन सिंह कहा कि इस ब्लाक से जुड़े सभी लोग हमारे घर परिवार के हैं। आशा करते है कि नवनिर्वाचित सभी क्षेत्र पंचायत सदस्य व ब्लाक प्रमुख क्षेत्र को विकास के रास्ते पर ले जाएंगे और एक आदर्श ब्लाक बनाएंगे।
कटरा बाजार में नोडल अधिकारी जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉॅ. नरेंद्र कुमार ने नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख जुगरानी शुक्ला को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। क्षेत्रीय विधायक बावन सिंह ने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री मोदी व प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के सरकार में सुशासन व विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं।
जिले के डीडीओ व बीडीओ कटरा बाजार दिनकर विद्यार्थी ने सरकार द्वारा चलायी जा रही सभी जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में सभी जनप्रतिनिधियों को विस्तार से बताया। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य भवानी भीख शुक्ल, अर्जुन प्रसाद तिवारी, पूर्व प्रमुख राजा राम मिश्र, जिला पंचायत सदस्य वकार खां, जसवंत लाल सोनकर, ज्योति पांडेय, राम सभा तिवारी, श्रवण तिवारी, शिव भगवान शुक्ल, जीवन लाल शुक्ल आदि रहे।
इटियाथोक में ब्लॉक प्रमुख पूनम द्विवेदी सहित आये सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने शपथ ग्रहण हुआ। संचालन विकास मिश्र ने किया। विधायक विनय द्विवेदी ने सभी का आभार जताया। पूर्व प्रमुख राम उजागर वर्मा, प्रधान अशोक वर्मा, पेशकार पटेल, गिरीश कश्यप, सरस शुक्ल, प्रधान फारुख शाह, पंकज सिंह, नानबाबू वर्मा, कुंवर साहब तिवारी, मुन्ना तिवारी, बब्बू सोनी, परम जीत सिंह आदि रहे।
ब्लाक प्रमुख परसपुर प्रियंका सिंह पत्नी अजय सिंह को खंड विकास अधिकारी परसपुर अरुण सिंह ने शपथ दिलाई। अपने शपथ के बाद प्रमुख प्रियंका सिंह ने उपस्थित नव निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी) को शपथ दिलाया। मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी ने प्रमुख का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में प्रमुख प्रतिनिधि अजय सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि परसपुर वासुदेव सिंह, युवा नेता प्रतीक शुक्ल आदि रहे। विकासखंड बभनजोत में नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख मधुलिका पटेल व क्षेत्र के सभी क्षेत्र पंचायत सदस्य के शपथ ग्रहण समारोह में विधायक प्रभात कुमार वर्मा मुख्य अतिथि रहे।