गोंडा। बेसिक शिक्षा की योजनाओं की रिपोर्टिंग के लिए अब हर ब्लॉक में एमआईएस समन्वयक नियुक्त किए जाएंगे। हर महीने 16 हजार महीने मानदेय मिलेगा। इससे जिले के युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।
40 वर्ष तक की आयु के बीटेक व ओ लेवल कंप्यूटर पास युवा इसके लिए पात्र होंगे। नियुक्ति एक वर्ष के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से होगी है। विभाग में अभी तक सर्व शिक्षा अभियान में एक ही एमआईएस इंचार्ज की नियुक्ति है। जिससे ब्लाकों के आंकड़े फीड करने और समीक्षा करने में दिक्कत आती है।
जिले में तीन हजार से अधिक सरकारी बेसिक स्कूल हैं और इसी तरह मान्यता प्राप्त स्कूल भी हैं। इन सबके बारे में पूरी रिपोर्ट तैयार की जानी है। प्रेरणा पोर्टल के साथ ही यू- डायस पर भी स्कूलों के संसाधनों की फीडिंग के साथ शिक्षकों का ब्यौरा दर्ज करना है।
अभी तक ब्लाकों में इन रेकार्ड को फीड करने और इसकी समीक्षा के लिए अलग से कोई कर्मचारी नही है। बीआरसी में कार्यरत कंप्यूटर आपरेटर और सहायक लेखाकारों से ही इसमें भी सहयोग लिया जाता है। इससे दिक्कत आ रही थी, अब एक अलग पद तय हुआ है।
आउटसोर्सिंग के माध्यम से हर ब्लाक में एक- एक एमआईएस समन्वयक नियुक्त किया जाना है। इसके लिए शासन ने आदेश जारी कर दिए हैं। बीटेक के साथ ही ओ लेवल डिग्री धारकों को नियुक्ति का मौका मिलेगा। इसके अलावा एक साल का अनुभव भी शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि जिले के 16 ब्लॉकों में इस पदों पर तैनाती होनी है।