मनकापुर (गोंडा)। जमीन विवाद को लेकर शुक्रवार को दो पक्ष आमने-सामने भिड़ गए। दोनों पक्षों में जम कर लाठियां चलीं जिससे दोनों पक्षों के चार-चार लोग घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी लाया गया। जिसमें से तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के ऐलनपुर ग्रंट गांव के राम जियावन मौर्या पुत्र राम चरित्र व कलावती पत्नी शिव नरायन मौर्या के बीच काफी दिनों से पुराने मकान व तेरह बिस्वा भूमि को लेकर मुकदमा चल रहा था। उसी भूमि पर कब्जे को लेकर शुक्रवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये और जमकर लाठियां चटकीं।
राम जियावन मौर्या (40) पुत्र राम चरित्र, कृष्णावती (35) पत्नी राम जियावन, राम चरित्र (65) पुत्र बुधई, रामा देवी (55) पत्नी राम चरिंत्र व कलावती (50) पत्नी शिव नरायन मौर्या, शिव नरायन (60), मंजनू (55) पुत्र गण राम चंद्र व कुमारी संगीता मौर्या (19) पुत्री शिव नरायन मार-पीट में घायल हो गये। जिन्हें डायल 100 व पुलिस वाहन से सीएचसी लाया गया।
जहां चिकित्सकों ने कलावती, सीताराम व कृष्णावती को गंभीर रूप से घायल होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के फूस के घर को आग के हवाले कर दिया।
पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक आलोक राव ने बताया कि पुराने मकान व जमीन के चलते विवाद हुआ है। जिसमें दोनों पक्ष में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर जांच की जा रही है।