बभनान (गोंडा)। गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर स्थित बभनान व छपिया रेलवे स्टेशन के बीच अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों के शव पड़े मिले हैं। पुलिस ने दोनों शवों की शिनाख्त कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुक्रवार की देर शाम परसा तिवारी व छपिया रेलवे स्टेशन के बीच माणा गांव के पास अप ट्रैक के किनारे एक युवक (20) का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुुंची पुलिस को युवक के पास से मिले पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त राजू पुत्र सुरेश चौहान निवासी चारपान सुअड्डा थाना बेलीपार जनपद गोरखपुर के रूप में हुई।
दूसरी घटना में शनिवार भोर में बभनान रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर के फुलवापुर चौराहे के समीप डाउन ट्रैक पर एक युवक (35) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। उसका शव ट्रैक के किनारे पड़ा मिला। युवक के पास से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान राम रतन चौहान पुत्र ठाकुर प्रसाद निवासी पुअरापुर थाना परशुरामपुर जनपद बस्ती के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक छपिया श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।