गोंडा। जिले में नए बिजली कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को मीटर स्थापना में देरी का सामना करना पड़ रहा है। झटपट पोर्टल पर नए कनेक्शनों के लिए आए 1548 आवेदन मीटर नहीं लगने के कारण लंबित हैं। नियमानुसार नया कनेक्शन जारी होने के 15 दिन के भीतर मीटर लग जाना चाहिए, लेकिन कई मामलों में 16 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी मीटर स्थापना का कार्य पूरा नहीं हो सका है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य अभियंता देवीपाटन क्षेत्र यदुनाथ यथार्थ ने मीटर लगाने वाली एजेंसी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने एजेंसी के खिलाफ मुख्यालय को शिकायत भेजने के साथ ही बुधवार को देवीपाटन जोन कार्यालय में पोलारिस कंपनी के अधिकारियों की बैठक बुलाई।
मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए। बैठक में अधीक्षण अभियंता गोंडा सुशील कुमार यादव, पोलारिस कंपनी के क्लस्टर हेड पंकज पाठक, देवीपाटन जोन के एजेंसी हेड दीपक चौहान, अधिशासी अभियंता प्रथम राम मोहन पांडेय, नवाबगंज के अधिशासी अभियंता उदय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बार-बार ट्रिपिंग पर भी सख्ती
बैठक में बिजली आपूर्ति के दौरान लगातार हो रही ट्रिपिंग और तकनीकी खराबियों की समीक्षा की गई। मुख्य अभियंता ने विद्युत परीक्षण खंड को ट्रिपिंग के कारणों की जांच कर स्थायी समाधान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विद्युत व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।