अगले महीने शुरू हो जाएंगे चार नए बिजलीघर
गोंडा। लो-वोल्टेज और लंबी लाइन से होने वाले ब्रेकडाउन से परेशान मेहनौन, दुबहाबाजार, रघुराजनगर व वजीरगंज के लोगों को अगले 30 दिनों के भीतर बिजली संबंधी हर उस समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।
जिसकी दिक्कतें उनकी रात की नींद हराम कर दिया करती थी। इन इलाकों में पिछले एक साल से निर्माणाधीन जिन बिजलीघरों का काम चल रहा था।
वह सभी चार बिजलीघर मेहनौन, दुबहाबाजार, रघुराजनगर व वजीरगंज अगले कुछ दिनों में चालू हो जाएंगे। जिससे इन इलाकों के लोगों को बिजली संबंधी दिक्कतों से अगले कई साल तक के लिए छुटकारा मिल जाएगा।
मेहनौन में बन रहे बिजलीघर का कुछ काम बाजार के बीच से होकर जाने वाली ओवरहेड लाइन के चलते ठंडे बस्ते में चला गया था। जिसकी समस्या बतौर कार्यदायी संस्था ए टू जेड 90 फीसदी के करीब सुलझ गई है।
अगर सबकुछ ठीक ठाक रहा तो यह बिजलीघर अगले 15 से 20 दिनों में लोगों के लिए चालू कर दिया जाएगा। वहीं दुबहाबाजार में निर्माणाधीन बिजलीघर के 42 खंभे बीते दिनों आंधी-पानी में टूट गए थे।
जिन्हें फिर से नए सिरे से खड़ा किया जा रहा है। जैसे ही यह बिजली के खंभे पूरी तरह खड़े हो जाते हैं, इनपर तार खींचकर बिजलीघर चालू कर दिया जाएगा। जबकि रघुराजनगर टिकरी और वजीरगंज में सोंढऱताल पर बन रहे पाइल बेस बिजलीघर का काम भी जुलाई महीने के आखिरी तक पूरा होने की उम्मीद है।
अगर सबकुछ पावर कॉर्पोरेशन की तय प्लानिंग के तहत हुआ तो अगस्त महीने से चाहे मेहनौन के लोग हों या फिर रघुराजनर टिकरी, दुबहाबाजार या फिर वजीरगंज के लोग। हर किसी को बिजली सबंधी दिक्कतों से छुटकारा मिल जाएगा। जबकि नए बिजलीघरों के बनकर चालू होने से पहले से संचालित बिजलीघरों का लोड भी काफी हद तक कम हो जाएगा।
नए बिजलीघरों में जहां मेहनौन बिजलीघर के चालू होने से धानेपुर बिजलीघर का लोड श्रीनगर, मेहनौन, इटियाथोक के इलाकों का बिजली लोड घट जाने से कम होगा तो वहीं दुबहाजार बिजलीघर के चालू होने से कटराबाजार बिजलीघर का लोड भी घटकर आधा हो जाएगा।
जबकि रघुराजनगर टिकरी बिजलीघर से शुरू होने से मनकापुर, बिजलीघर के लोड में कमी आएगी। वहीं वजीरगंज के सोंढरताल में बन रहे बिजलीघर से वजीरगंज बिजलीघर का लोड भी पहले से कई गुना कम हो जाएगा। जिससे दोनों बिजलीघरों के लोगों को फायदा होगा और उन्हें ओवरलोडिंग के साथ-साथ आए दिन तार टूटने की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा।
दो लाख आबादी को मिलेगा बिजलीघरों का सीधा लाभ
जिले में चार नए निर्माणाधीन बिजलीघरों के चालू होने से इसका सीधा लाभ मेहनौन, दुबहाबाजार, रघुराजनगर टिकरी व वजीरगंज के दो लाख लोगों को मिलेगा। क्योंकि नए बिजलीघर से एक तो लोगों के घरों की दूरी कम होगी। जिससे ब्रेकडाउन कम होंगे।
ऊपर से जिन गांवों की लाइन पहले दूर के बिजलीघरों से चलती थी, उनका लोड नए बिजलीघरों पर ट्रांसफर हो जाने से पहले से चल रहे बिजलीघरों का लोड भी कम हो जाएगा। जिससे पुराने बिजलीघरों में ओवरलोडिंग के चलते आ रही लोकल फाल्ट की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिलेगी।
चार बिजलीघरों को जल्दी से जल्दी चालू किए जाने के लिए कार्यदायी संस्था ए टू जेड को एक डेडलाइन थी। जिसके तहत सभी बिजलीघरों का काम जुलाई से लेकर अगस्त महीने तक पूरा हो जाना है। अगर तय समय पर बिजलीघरो का काम पूरा नहीं होगा तो इसकी रिपोर्ट ऊपर की जाएगी। जिसका खामियाजा कंपनी को भुगतना होगा।
-आरके श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता, देवीपाटन क्षेत्र
इनसेट
मुझे जो डेड लाइन बिजलीघर चालू किए जाने के लिए मिली है, मै उस समय तक सभी बिजलीघरों का काम पूरा करके उसे कारपोरेशन को हैंडओवर कर दूंगा। बिजलीघरों के चालू होने में जो दिक्कतें उनके आगे आ रही हैं, उनकी रोज के रोज रिपोर्ट वह अपने उच्चाधिकारियों को दे रहे हैं।
-अग्निवेश तिवारी, परियोजना प्रबंधक, ए टू जेड