पत्नी से विवाद में युवक ने लगाई फांसी
पेड़ बेचने को लेकर हुआ था झगड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
खोड़ारे (गोंडा)। केशवनगर ग्रांट गांव के मजरे पोखरहिया में पांच दिन पहले पत्नी से हुए विवाद के बाद पत्नी पति को छोड़कर मायके चली गई। जिसके बाद पति ने अपने ही घर में छत के बड़ेर से रस्सी के सहारे लटकर जान दे दी। घर के अंदर से दुर्गन्ध आने पर गांव वालों ने दरवाजा खोलकर देखा तो उसका शव लटकता मिला। गांव वालों की सूचना पर उसकी पत्नी घर पहुंची। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक दोनों में पेड़ बेचने को लेकर झगड़ा हुआ था।
थाना खोड़ारे क्षेत्र के केशवनगर ग्रान्ट गांव के मजरे पोखरिया में जसकरन (30) अपनी पत्नी रेखा व दो बच्चों शिवा (03) एवं डेढ़ साल के बेटे शिवम के साथ रहता था। गांव वालों के मुताबिक 5 जुलाई को रेखा ने अपने घर के पास लगे एक पेड़ को लकड़ी के ठेकेदार से 2 हजार रुपये बेचा था। इसी को लेकर जसकरन और रेखा में झगड़ा हुआ था। इसके बाद रेखा दोनों बच्चों को साथ लेकर अपने मायके ग्राम पोखरा थाना कप्तानगंज बस्ती चली गई। पत्नी से विवाद में आहत जसकरन ने अपने ही घर में छत के बड़ेर से रस्सी के सहारे फंदे पर लटककर जान दे दी। नौ जुलाई की देर शाम गांव के लोग उसके घर के सामने बातचीत कर रहे थे, तभी उन्हें जसकरन के घर के अंदर से दुर्गन्ध आती मिली। गांव वालों ने जब दरवाजा खोलकर देखा तो उसका शव लटकता मिला। गांव वालों की सूचना पर उसकी पत्नी ने घर पहुंचकर पुलिस को खबर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष खोड़ारे पवन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष के मुताबिक प्रथम दृष्टया पेड़ बेचने के विवाद से आहत होकर जसकरन ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली है। मगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।