झंझरी/बालपुर (गोंडा)। सरैया चौबे गांव के तेलियनपुरवा और अहिरनपुरवा में मंगलवार की दोपहर अचानक गेहूं की तैयार खड़ी फसल में आग लग गई। इसमें 16 किसानों की 150 बीघा फसल जलकर राख हो गई। इस दौरान आसपास घंटों तक अफरातफरी का माहौल रहा। करनैलगंज, वजीरगंज और परसपुर समेत अन्य इलाकों में आग की घटनाओं में लाखों के नुकसान का अनुमान है।
देहात कोतवाली के पहुआ निवासी आत्माराम पांडेय ने बताया कि उन्होंने मंगलवार दोपहर तेलियनपुरवा के पास गेहूं की फसल में आग की लपटें देखीं। आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया मगर आग की लपटें इतना विकराल हो चुकीं थीं कि उनका 60 बीघा गेहूं जल राख हो गया। इनके अलावा सरजू शुक्ल, सीताराम, तुंगनाथ, जगप्रसाद, राधेश्याम मिश्र, राकेश कुमार, कैलाश, बजरंग ओझा, हौसला, मनोज यादव, केशव, श्रीनाथ, सियाराम और प्रेमशंकर व राम कुमार की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
तमाम प्रयासों के बावजूद आग पर काबू न पाते देख प्रधान प्रतिनिधि आशीष तिवारी ने फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी। वहां पहुंचे दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों व किसानों की मदद से दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। देहात कोतवाल संजय कुमार सिंह भी हल्का दरोगा विजय बहादुर यादव समेत अन्य पुलिस कर्मी पहुंचकर आग पर काबू पाने के भरसक प्रयास किए। हल्का लेखपाल साईदा परवीन व राजस्व निरीक्षक ईश्वरशरण ने क्षति का आकलन किया है। देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका।
आग से झुलसे तीन लोग, गृहस्थी हुई तबाह
परसपुर (गोंडा)। परसपुर पुरैना में गांव निवासी संतोष ने बताया कि सोमवार शाम करीब चार बजे उसके भाई संजय के छप्पर में आग लग गई। इस दौरान घर में रखे सिलिंडर निकालने व मवेशी को बचाने में भाई संजय दूबे, बहनोई गुड्डू शुक्ला व भतीजा अनुराग दूबे झुलस गए। इस दौरान तीन मवेशी भी झुलस गए। आग से घर में रखी नकदी, जेवरात, कपड़ा, बर्तन, अनाज, भूसा, कई अभिलेख व घर गृहस्थी का सामान जल गया। हल्का लेखपाल दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि आकलन रिपोर्ट तहसील को भेजी जा रही है।
फसल, नकदी व घर का सामान जलकर राख
वजीरगंज/शाहपुर (गोंडा)। क्षेत्र के नौबस्ता पयागपुर में मंगलवार की दोपहर बिजली का तार टूट कर गिरने से आग लग गई। इससे सुंदर श्याम शुक्ल व प्रभा शंकर तिवारी की फसल जल गई। करनैलगंज के सरैया के रेखईपुरवा ककहरा निवासी संतराम ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में छप्पर में आग लग गई। जगन्नाथपुरी जाने के लिए जुटाए गए 25 हजार रुपये समेत अन्य सामान जल गया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, आठ मकानों का सामान जला
करनैलगंज (गोंडा)। क्षेत्र के जटाशंकर पुरवा में मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। इसके बाद गांव के रामनेवल, राहुल, राजनरायन, सुकई, वासुदेव, किशुन, महादेव, दुलारे आदि ग्रामीणों के फूस के मकान और घर की गृहस्थी जलकर खाक हो गई। वहीं, आग में जलने से हरिभजन के एक मवेशी की भी मौत हो गई। पंपिंग सेट के सहारे ग्रामीणों ने किसी तरह आग को बुझाया। वहीं, बिजली विभाग के लापरवाही और समय से दमकल देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश है। उपजिलाधिकारी भरत भार्गव ने बताया कि लेखपाल, राजस्व निरीक्षक को मौके पर भेजा गया।
शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग
बालपुर(गोंडा)। कोतवाली करनैलगंज के बालपुर कस्बे में सोमवार की दोपहर अचानक एक दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई जिससे वहां रखे उपकरण धू-धू कर जलने लगे। इससे आसपास के दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। थाना कटरा बाजार बमडेरा भट्टाचार्य पुरवा निवासी राम प्रसाद विश्वकर्मा बालपुर बाजार के बिल्डिंग मैटीरियल की दुकान करते हैं। दोपहर करीब दो बजे किसी उपकरण की डीवी सिंह ने बताया कि केवल एक ही दुकान का नुकसान हुआ है। आसपास के दुकानदारों की मदद से आग पर काबू पाया गया।