पुलिस ने पकड़ी 42 बोटा सागौन की लकड़ी
बिना परमिट के कटान करने पर तीन के खिलाफ केस
अमर उजाला ब्यूरो
खोंडारे। खोड़ारे पुलिस ने शनिवार की शाम को एक ट्रैक्टर ट्रॉली पर लादकर ले जाई जा रही 42 बोटा सागौन की लकड़ी बरामद की है। इसके साथ पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
खोडारे थाने के उपनिरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि शनिवार की शाम को वह अपने हमराही सिपाहियों के साथ चेकिंग पर थे। रास्ते में बस्ती खास सड़क की तरफ से एक ट्रैक्टर ट्रॉली आती दिखाई दी। जब ट्रैक्टर ट्रॉली को रोककर चेक किया गया तो उस पर सागौन की 42 बोटा लकड़ी लदी पाई गई। ट्रैक्टर चालक व पीछे चल रहे ट्रैक्टर मालिक से जब लकड़ी के परमिट के संबंध में जानकारी मांगी गई तो दोनो इस संबंध में कोई कागजात नही दिखा सके। एसआई संतोष कुमार ने बताया कि पकड़े गए ट्रैक्टर चालक गंगाराम निवासी बस्ती खास थाना खोडारे, ह्दयराम निवासी बस्ती खास व ट्रैक्टर मालिक बकरीदी निवासी चंद्रदीप घाट थाना खोंडारे के खिलाफ ग्रामीण वन संरक्षण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर गिरफतार किया गया है। साथ ही ट्रैक्टर ट्राली को लकड़ी समेत सीज कर दिया गया है।