बैंकों की हड़ताल से 70 करोड़ का कारोबार प्रभावित
गोंडा। जिले में बुधवार को सभी वेतन वृद्धि व अन्य पांच सूत्री मांगों को लेकर सभी सरकारी बैंकों के अधिकारी कर्मचारी हड़ताल पर रहे। सभी बैंकों में पूरी तालाबंदी रही। बैंकों में हड़ताल रहने से जिले में करीब 70 करोड़ का बैंकिंग कारोबार प्रभावित हुआ है।
सरकारी बैंकों के कर्मचारी वेतन बढ़ोत्तरी, पदोन्नति व अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन पर हैं। इसमें बैंकिंग आफीसर्स एसोसिएशन, बैंक कर्मचारी यूनियन व बैंक कर्मचारी एसोसिएशन समेत कई संगठन शामिल हैं।
अपनी मांगों को लेकर बुधवार को नगर के बस स्टाप स्थिति इलाहाबाद बैंक के रीजनल कार्यालय के बाहर जिले भर के बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों ने बैंक कार्यालय में तालाबंदी कर बाहर धरना प्रदर्शन किया।
बैंक कर्मियों ने अपनी पूर्व की पुरानी मांगों को लेकर सरकार के रवैये की आलोचना कर सरकार विरोधी नारे लगाये। एसोसिएशन के अध्यक्ष डीपी सिंह की अगुवाई में कर्मचारियों ने बुधवार से दो दिवसीय धरना प्रदर्शन शुरू किया है।
इसी तरह से स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक व सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के रीजनल कार्यालय पर बैंकों की अलग-अलग अधिकारी व कर्मचारी संगठनों ने धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों के प्रति आवाज बुलंद की।
बैंक के अधिकारियों व कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने तमाम योजनाओं के लाभ का आवंटन बैंकों से जोड़ दिया है। बैंक में कर्मचारियों की कमी है साथ ही सुविधाओं का टोटा है। इसका निस्तारण नहीं किया जा रहा है दूसरी ओर से सरकार की ओर से जो सुविधाएं मिलनी चाहिए वह भी नहीं मिल रही है।
सभी सरकारी बैंकों के अधिकारी कर्मचारी दो दिवसीय हड़ताल पर हैं। वेतन बढ़ोत्तरी अन्य कई मांगों को लेकर आंदोलित हैं।
अधिकारियों व कर्मचारियों के तालाबन्दी हड़ताल से जिले में करीब 50 से 70 करोड़ रुपये के बैंकिंग कारोबार असर पड़ा है। तालाबंदी से ग्राहकों को असुविधा हुई है। अधिकारी कर्मचारी एसोसिएशन की ओर से सरकार को अपना ज्ञापन जिला प्रशासन व अन्य के जरिए भेजा जा रहा है।
- दशरथी बेहरा, एलडीएम
फोटो -9-10