गोंडा। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत जिले के 13,728 पात्र परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। भारत सरकार से लक्ष्य आवंटित होने के बाद आवासों की स्वीकृति शुरू हो गई है। अब तक 350 से अधिक आवास मंजूर कर लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त भेजी जा चुकी है।
डीआरडीए के परियोजना निदेशक सुशील कुमार पांडेय ने बताया कि लक्ष्य के अनुसार पात्र परिवारों को योजना का लाभ देने की प्रक्रिया चल रही है। आवास प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव के मुताबिक, ब्लॉकों से मिली रिपोर्ट के आधार पर अब तक 350 से अधिक आवास स्वीकृत हुए हैं। शेष आवासों की मंजूरी रिपोर्ट मिलने के बाद दी जाएगी।
तीन किस्तों में मिलेगी धनराशि
योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को तीन किस्तों में कुल 1.20 लाख रुपये दिए जाएंगे। पहली किस्त में 40 हजार, दूसरी में 70 हजार और तीसरी किस्त में 10 हजार रुपये मिलेंगे। वर्ष 2024 में पात्रों के चयन के लिए सर्वे कराया गया था।
परसपुर में सबसे अधिक 2,770 आवास का लक्ष्य
ब्लॉकवार लक्ष्य में परसपुर को 2,770 आवास आवंटित किए गए हैं। नवाबगंज में 1,279, तरबगंज में 1,249, करनैलगंज में 1,094, रुपईडीह में 666, छपिया में 415 और मुजेहना में 278 आवास का लक्ष्य है। जिले के सभी 16 ब्लॉकों में कुल 13,728 परिवारों को योजना का लाभ दिया जाएगा।