गोंडा। बेसिक शिक्षा विभाग ने मतदान जागरूकता में बड़ी निभाने की तैयारी की है। जिले के तीन हजार परिषदीय स्कूलों के तीन लाख नौनिहाल गांवों में मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। इसके लिए स्कूलों के शिक्षक प्रतिदिन बच्चों को मतदान के महत्व का पाठ पढ़ाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनिराम सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से अभियान को बढ़ाने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी डॉ. नितिन कुमार बसंल ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे मतदान बढ़ाने का प्रयास करें। इसमें माध्यमिक शिक्षा विभाग के जिला विद्यालय निरीक्षक अनूप कुमार ने कई इंटर कॉलेजों में कार्यक्रमों का आयोजन कराया।
स्वीप कार्यक्रम के प्रभारी प्रदीप कुमार मिश्र ने बताया कि हर तहसील व जिले में प्रमुख स्थानों पर मतदान जागरूकता की सेल्फी प्वाइंट स्थापित की गई है। इससे लोग सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर मतदान बढ़ाने की अपील कर रहे हैं। अन्य विभागों के अधिकारी भी लगे हैं और अपील कर रहे हैं।
इसी प्रयास को आगे बढ़ाते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों को अभियान से जोड़ते हुए मतदान की अपील की नई पहल की है। अब स्कूल के बच्चे अपने परिवार में वोट देने की जिद करेंगे। वोट करने के महत्व की जानकारी के साथ बच्चे घर जाएंगे और पापा-मम्मी से अपील करेंगे कि वोट देने जरूर जाइए। जिससे जिला मतदान में नंबर वन बन सके। स्वीप प्रभारी प्रदीप मिश्र कहते हैं वास्तव में इससे बड़े स्तर पर असर आएगा। यह पहल बेहतर है।
खेल के आयोजन की तैयारी
मतदान बढ़ाने के लिए खेल आयोजन की तैयारी हो रही है। महिला वर्ग की टीमों को तैयार करने की पहल की जा रही है। बेसिक शिक्षा विभाग की जिला व्यायाम शिक्षिका प्रियंका सिंह ने अनुदेशकों और शिक्षामित्रों से अपील की है कि खेल के लिए उनसे संपर्क करें। जिससे की आयोजन के लिए टीमों को तैयार किया जा सके। उन्होंने मतदाता जागरूकता का संदेश खेलों से देने की अपील की।
---वर्जन----
स्कूलों में बच्चों को मतदान के महत्व के बारे में बताया जा रहा है। गतिविधियों का आयोजन भी किया जा रहा है। शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक सभी मिलकर मतदान बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं, बच्चों की अपील का अच्छा असर आएगा।
- मनिराम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी