तीन प्रधानाध्यापक समेत चार निलंबित, 3 का वेतन रोका
गोंडा। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी मनिराम सिंह ने गुरुवार को कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। वजीरगंज में एक स्कूल दोपहर 12.50 बजे ही बंद मिला। बीएसए ने स्कूल के प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया।
उन्होंने सबसे पहले नवाबगंज क्षेत्र के प्राइमरी स्कूल पर्वती का औचक निरीक्षण किया। वहां सहायक अध्यापक तो मौजूद रहे लेकिन प्रधानाध्यापक प्रभावती देवी ही गैर हाजिर मिलीं। उन्हें निलंबित कर दिया है।
इसी तरह वजीरगंज ब्लॉक के प्राइमरी स्कूल पिपरी द्वितीय पहुंचे तो स्कूल 12.50 बजे बंद मिला। यहां के प्रधानाध्यापक अवधेश कुमार यादव व सहायक अध्यापक साधन बेन मिश्र को निलंबित किया है।
बीएसए नेे कहा कि समय के साथ लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगी। नवाबगंज के जूनियर हाईस्कूल पार्वती में कई खामियां मिलीं। बच्चों को किसी भी योजना का लाभ नहीं दिया गया था।
बीएसए ने यहां के प्रधानाध्यापक सूरज प्रताप चतुर्वेदी से स्पष्टीकरण तलब किया है। प्राइमरी स्कूल पिपरी नवीन की प्रधानाध्यापक उपमा देवी गैर हाजिर मिलीं उन्हें भी बीएसए ने निलंबित कर दिया है।
इसके अलावा प्राइमरी स्कूल पिपरी-प्रथम में एमडीएम व छात्रों की उपस्थिति कम होने की स्थिति पर नारजगी जताई। यहां के सहायक अध्यापक वीरेन्द्र कुमार, प्रीति श्रीवास्तव व आरती शुक्ल का वेतन रोक दिया है।
बीएसए की ताबड़तोड कार्रवाई से पूरे विभाग में खलबली मची रही। बीएसए ने साफ कहा कि स्कूल की स्थिति को शिक्षक खुद से सुधार लें अन्यथा कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।