गोंडा। लोकसभा व विधानसभा की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अब तक 13 हजार लोगों ने मतदाता होने का सुबूत दिए हैं। सोमवार से सुनवाई की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। 27 फरवरी तक सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अब तक 80 हजार से अधिक मतदाताओं को नोटिस जारी की जा चुकी है।
कटरा, करनैलगंज, गोंडा, तरबगंज, मनकापुर, गौरा और मेहनौन समेत सातों विधानसभा मिलाकर कुल 1.55 लाख मतदाता अनमैप रह गए हैं। ये सभी एसआईआर के दौरान अपने मतदाता होने के जरूरी दस्तावेज नहीं दे सके। ऐसे में इन मतदाताओं को नोटिस जारी की जा रही है। 27 फरवरी तक सुनवाई पूरा करने के लिए बीएलओ के माध्यम से बारी-बारी से मतदाताओं को नोटिस देकर उन्हें सुनवाई का मौका दिया जा रहा है। मतदाता होने के लिए सुबूत के तौर जरूरी दस्तावेजों की मांग की जा रही है। अधिकतर लोगों के पास परिवार रजिस्टर नकल आदि न होने से सुनवाई में वक्त लग रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार तक 13,429 लोगों ने अपने मतदाता होने के सुबूत दिए। जबकि 80,438 मतदाताओं को नोटिस रिसीव कराई गई। एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि मतदाताओं को कोई असुविधा न हो, सभी अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
कमिश्नर ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश
देवीपाटन मंडल कमिश्नर शशि भूषण लाल सुशील ने शनिवार देर शाम को विशेष अभियान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। वहीं, दावे व आपत्तियों को लेकर समीक्षा की है। कमिश्नर ने कहा कि प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाता सूची त्रुटिरहित बन सके। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की हिदायत दी है।