छेड़छाड़ पर महिला ने शोहदे बीच बजार धुना
गोंडा। शहर के लखनऊ रोड पर पुलिस लाइन के समीप गुरुवार देर शाम घर जा रही एक महिला के साथ एक मनचले युवक ने छेड़खानी की। पहले तो महिला ने उससे बचने का प्रयास किया।
मगर जब वह नहीं माना तो महिला का गुस्सा फूट पड़ा। महिला ने मनचले की जमकर पिटाई की। मनचले का पिटता देख लोग दौड़े और उसकी वीडियो बनाने लगे तो वह भाग निकला। पुलिस ने ऐसी किसी भी शिकायत मिलने से इंकार कर दिया।
थाना कटरा बाजार क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला गुरुवार को केस की पैरवी के लिए कचेहरी आई थी। यहां से काम निपटाने के बाद वह कचेहरी से निकलकर पैदल लखनऊ रोड की तरफ जा रही थी।
तभी मनचले एक युवक ने उसपर छींटाकशी शुरू कर दी। पहले तो महिला ने मनचले युवक से बचने का प्रयास किया। मगर वह महिला का पीछा करने लगा।
इससे महिला का गुस्सा फूट पड़ा और उसने मनचले युवक की पिटाई शुरू कर दी। मनचले को पिटता देखकर उधर से गुजर रहे कई लोग दौड़े और उसका वीडियो बनाने लगे।
इसी बीच मनचला युवक भाग निकला। कोतवाली नगर के इंस्पेक्टर क्राइम मनोज कुमार राय ने बताया कि किसी महिला ने ऐसी कोई शिकायत नहीं की है।