सांसद के फोन पर सीएमओ ने रद्द कर दिया तबादला
गोंडा। अभी तक सिफारिश करने की बात तो सुनाई पड़ती थी। मगर शायद ये पहला मौका है कि जब फोन पर ही की गई सिफारिश का हवाला देते हुए आदेश पत्र जारी किया गया है। जी हां, ऐसा आदेश सीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने जारी किया है।
उन्होंने जारी किए आदेश पत्र में स्पष्ट तौर पर अंकित किया है कि कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह के द्वारा मेरे फोन नंबर पर परसपुर के सीएचसी अधीक्षक डॉ. एसके यादव का तबादला आदेश निरस्त करने को कहा गया है। इसी क्रम में तत्काल प्रभाव से सीएचसी अधीक्षक का परसपुर से किया गया तबादला आदेश निरस्त किया जाता है।
ये आदेश पत्र गुरुवार को बाहर आया तो सभी भौचक्के हो गए। सिफारिश करना अलग बात है और विभागीय आदेश में सिफारिश करने वाले का नाम दर्ज करना चौंकाने वाला है।
कैसरगंज सांसद की सिफारिश पर तबादला आदेश निरस्त करने की बात लिखा-पढ़ी में लाने से विभागीय लोगों के साथ ही भाजपाई भी हैरान हैं। वैसे सीएमओ के इस पत्र से तबादलों के लिए बनाए जा रहे दबाव की बात भी उजागर हो गई है।
वह भी तब जब प्रदेश सरकार जनप्रतिनिधियों को तबादलों में हस्तक्षेप से बचने के लिए कई बार निर्देश दे चुकी है।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग में सियासी दखल नई बात नहीं है। मनपसंद अफसरों की तैनाती के लिए अक्सर सिफारिशों की चर्चाएं सुनाई पड़ती हैं। अब तो जारी इस आदेश में जिले में चल रहे सियासी दबाव की बात खुलकर सामने आ गई है।