रक्षाबंधन पर शौचालय कीजिए गिफ्ट, मिलेगा सम्मान
स्वच्छता की मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए डीएम व सीडीओ ने की अपील
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। स्वच्छता को आस्था से जोड़ने की अपनी अनूठी पहल को एक कदम आगे बढ़ाते हुए जिला प्रशासन ने रक्षाबंधन पर शौचालय गिफ्ट करने वाले भाई को सम्मानित करने का ऐलान किया है। जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी भाई बहन के प्यार के पवित्र त्योहार राखी के अवसर पर बहनों को राखी के उपहार के रूप में शौचालय भेंट करने वाले भाइयों व बहनों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
सरकार के स्वच्छ भारत मिशन को नई दिशा देने के लिए मुख्य विकास अधिकारी दिव्या मित्तल ने कुद दिन पहले स्वच्छता को आस्था से जोड़ते हुए ग्राम पंचायतों में पीपल,नीम,बरगद समेत आस्था से जुडे़ अन्य पौधों का रोपण कराकर इस अभिनव पहल की शुरुआत की थी। इस अभियान को एक कदम आगे बढ़ाते हुए डीएम व सीडीओ ने अब इसे राखी के पवित्र त्योहार से जोड़ने का फैसला किया है। जिलाधिकारी जेबी सिंह व सीडीओ दिव्या मित्तल ने बताया कि देश के सबसे गन्दे शहर के रूप में बदनाम जिले को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रिम पंक्ति में लाने और इस दाग को मिटाने के स्वच्छता अभियान को जन आन्दोलन बनाने की आवश्यकता है। इसके लिए आवश्यक है कि हर घर में शौचालय का निर्माण कराया जाए। इसके लिए रक्षाबन्धन के मौके पर इस अनूठी पहल का शुभारम्भ जिले में किया जा रहा है। उन्होने राखी के अवसर पर राखी बांधने वाली बहनों को उपहार के रूप में दिए जाने गिफ्ट के रूप में शौचालय भेंट करने की अपील की है। डीएम जेबी सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को राखी के उपहार के रूप में शौचालय भेंट कर उसकी फोटो मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में जमा करने वाले सभी भाइयों बहनों को जिला स्तर पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा भी प्रदान किया जाएगा। सीडीओ दिव्या मित्तल ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले को दिसम्बर 2017 तक स्वच्छ बनाने के लिए इस अभियान में जन जन की सहभागिता और जागरूकता आवश्यक है तभी इस अभियान को मूर्तरूप दिया जा सकता है। उन्होने राखी के अवसर पर बहनों को प्यार से उपहार भेंट करने वाले भाइयों से अपनी बहनों के मान सम्मान में इस बार शौचालय भेंट करने की अपील की है।