जिला प्रशासन ने लेखपाल भर्ती प्रक्रिया की कमान पूरी तरह से संभाल ली है। प्रशासन परीक्षा की तैयारियों में जुट गया है। 13 सितंबर को जिले के सात केंद्रों पर दो पालियों में करीब 12 हजार परीक्षार्थी एग्जाम देंगे। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा की कड़ी निगरानी करेंगे। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तरह से कमर कस ली है।
यह बातें प्रभारी डीएम, परीक्षा के नोडल अफसर व एडीएम गंगाराम गुप्ता ने शनिवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में लेखपाल भर्ती परीक्षा-2015 की तैयारियों के बारे में सहायक भू-लेख अधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्तव से चर्चा करते हुए कही। परीक्षा के नोडल अफसर ने कहा कि प्रशासन लेखपाल भर्ती परीक्षा-2015 निर्धारित प्रक्रिया के तहत सकुशल, पारदर्शी, निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं सुचितापूर्ण ढंग से कराने के लिए पूरी तरह से कटिबद्ध है।
परीक्षा की तैयारियों के लिए सभी को जिम्मेदारियां शीघ्र ही सौंप दी जाएंगी। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट, उपकेंद्र निरीक्षक, केंद्र व्यवस्थापकों व कक्ष निरीक्षकों की सूची तैयार की जा रही है। लेखपाल भर्ती परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी।
प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली शाम 3 बजे से 4.30 बजे तक सभी सात केंद्रों पर एक साथ कराई जाएगी। सहायक भू-लेख अधिकारी ने बताया कि जनपद में लेखपालों के 125 रिक्तयों के सापेक्ष 11 हजार 913 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है।
एमएलके पीजी कॉलेज बलरामपुर, शक्ति स्मारक संस्थान दूल्हिनपुर, सिटी मांटेसरी गर्ल्स डिग्री कॉलेज विशुनापुर, एमपीपी इंटर कॉलेज बलरामपुर, सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज बलरामपुर, माडर्न इंटर कॉलेज बलरामपुर और सिटी मांटेसरी हायर सकेंडरी स्कूल तुलसीपुर को परीक्षा केंद्र चयनित किया गया है। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था कराई जाएगी।