टेढ़ी नदी में नहाने गए युवक की डूबकर मौत
कौड़िय़ा के दुबहा बाजार गांव का रहने वाला था युवक
अमर उजाला ब्यूरो
दुबहा बाजार गोंडा। कौड़िय़ा थाना क्षेत्र के दुबहा बाजार के रहने वाले एक 20 वर्षीय युवक की सोमवार को टेढ़ी नदी में डूबने से मौत हो गई। मौके पर पहुंचे गा्रमीणों ने युवक के शव को नदी सें बाहर निकला।
बताया जाता है कि कौड़िय़ा थाना क्षेत्र के दुबहा बाजार का रहने वाले नानमून का 20 वर्षीय बेटा महेश कुमार सोमवार को अपने तीन साथियों के साथ टेढ़ी नदी पर बने कुट्टी घाट पर नहाने के लिए गया था। नहाते समय महेश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख साथ के युवकों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद महेश के परिजनों को सूचना दी गई लेकिन जब तक उसके परिवारीजन मौके पर पहुंच पाते इसके पहले महेश की डूबकर मौत हो चुकी थी। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से उसके शव को बाहर निकाला। इस संबंध में थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार राय ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नही है।