नवाबगंज गोंडा। कस्बे के पड़ाव मुहल्ला में भाजपा के कैसरगंज सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार चयन को गलत बताया। सांसद ने भाजपा प्रत्याशी पर कई आरोप लगाते हुए नवाबगंज नगर पालिका से अध्यक्ष पद पर अपना प्रत्याशी मैदान में उतार दिया है।
नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने जिन प्रत्याशियों का चयन किया है उससे सांसद बृजभूषण शरण सिंह सहमत नहीं हैं। खास कर नवाबगंज में प्रत्याशी के चयन को गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि बंद कमरे में लोगों ने पार्टी प्रत्याशी का चयन कर लिया। आलाकमान को सही बात नहीं बताई गई। उन्होंने कहा कि निवर्तमान अध्यक्ष का स्वयं का घर भी नगर के एक बनिये का घर कब्जा कर बनाया गया है। नगर के पार्टी कार्यकर्ताओं को अंधेरे मे रख कर पार्टी के लोगों ने गलत व्यक्ति को टिकट दे दिया है, इस निर्णय का मैं विरोध करता हूं तथा मैंने नवाबगंज नगरपालिका से युवा क्रांतिकारी नेता को आप लोगों की सेवा के लिए अध्यक्ष पद पर मैदान मे उतार दिया है। नगर पर एक ही परिवार की कब्जेदारी ठीक नहीं पालिका परिषद् जनता का है किसी का व्यक्तिगत धन नहीं है। बदलाव जरूरी है। उन्होंने बताया कि बसपा प्रत्याशी डॉ. शफीक ने उनके प्रत्याशी सत्येंद्र सिंह को समर्थन देने की घोषणा की है। मीटिंग में सदर विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह, नवी बक्श कादरी, गोविंद शाह, भाजपा के नेता अशोक गुप्ता, लालजी कौशल, सूर्य लाल दूबे, जगदंबा गुप्ता सहित तमाम भाजपाई भी मौजूद रहे।