गोंडा। स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदेश के कई जिलों में प्रदर्शन हो रहे हैं। महिलाएं स्मार्ट मीटर हटाने की मांग कर रहीं है। देवीपाटन जोन के चारों जिलों में अब तक 2.20 लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि आपत्तियों के बावजूद विभाग ने स्मार्ट मीटर लगा दिया है और ये इलेक्ट्रॉनिक मीटर से तेज चल रहे हैं।
देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती जिले में अब तक लगाए गए सभी स्मार्ट मीटरों की जांच के लिए उपभोक्ताओं की मांग पर चेक मीटर लगाए गए हैं। स्मार्ट मीटर के कुल उपभोक्ताओं के पांच फीसदी घरों में 11 हजार चेक मीटर के जरिये जांच की जा रही है। दोनों मीटरों की रीडिंग में 0.1 फीसदी का अंतर पाया गया है। उन्होंने बताया कि चेक मीटर के जरिये स्मार्ट मीटर को लेकर फैलाई गई भ्रांतियां दूर करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार की ओर से उच्च स्तरीय कमेटी गठित होने के कारण स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगा दी गई है।
स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को सहूलियत
मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने जानकारी दी है कि गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में कुल 14.5 लाख उपभोक्ताओं में से 2.20 लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इससे उपभोक्ताओं को सहूलियत मिल रही है।