बेलसर। भारत विशेन गैस सर्विस पर रविवार को सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। कतार में लगे लोगों के बीच मारपीट की नौबत आने पर पुलिस बुलानी पड़ी। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में सिलिंडर का वितरण कराया गया।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी कर्मी कतार में लगे आम लोगों को छोड़कर सिफारिशी लोगों को प्राथमिकता दे रहे हैं। प्रिंस पांडेय ने बताया कि वह सुबह साढ़े छह बजे से लाइन में लगे थे। तभी कुछ दबंगों ने बीच में घुसने का प्रयास किया और विरोध पर उनके पैर पर सिलिंडर पलट दिया। इससे उनकी उंगली चोटिल हो गई। राजेश, मनोज और सोनू जायसवाल ने भी पक्षपात का आरोप लगाया। रगड़गंज चौकी प्रभारी राकेश पांडेय ने बताया कि पुलिस टीम ने पहुंचकर कतारबद्ध तरीके से गैस का वितरण कराया। उधर, एजेंसी संचालक ने भेदभाव के आरोपों को निराधार बताया है।
बिना सील मिले सात गैस सिलिंडर
नवाबगंज। बिना सील के सात गैस सिलिंडरों का वीडियो वायरल होने पर एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह ने शनिवार रात भार्गव गैस एजेंसी के गोदाम की जांच की। स्टॉक सही मिला। एसडीएम ने संचालक आभा भार्गव को सीसीटीवी लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषी पर कड़ी कार्रवाई होगी। पुलिस ने सिलिंडर कब्जे में ले लिए हैं। (संवाद)